'जुनून जब जीत में बदलता है तो...', PM मोदी ने एशियन गेम्स के पदक विजेताओं को दिलाया ये संकल्प

नई दिल्ली, भाषा
Follow us on Google News
share

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एशियन गेम्स 2026 के पदक विजेताओं से मुलाकात की। भारत ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स में कुल 85 मेडल जीते, जिसमें 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज शामिल हैं।

Pm Narendra Modi and Harmanpreet Kaur
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हरमनप्रीत कौर ने जर्सी भेंट की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान ओलंपिक 2036 की मेजबानी के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि भारत के सपने बड़े हैं और उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास भी हर भारतीय के पास है। जापान में एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नई दिल्ली में मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम पर संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ''हमारे सपने बड़े हैं, हमारे संकल्प भी बड़े हैं लेकिन इन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास भी आज हर हिंदुस्तानी के पास है। इसलिए मैं पूरे विश्वास से कहता हूं कि भारत 2036 में ओलंपिक की मेजबानी करेगा।'' उन्होंने कहा, ''आपका उत्साह, आत्मविश्वास ही नये भारत की सबसे बड़ी ताकत है। इसी के साथ हमें भारत को नई बुलंदियों तक पहुंचाना है। 2047 में विकसित भारत, ओलंपिक का आयोजन, नए खेलों में पदक, हम यह सारे लक्ष्य हासिल करेंगे।''

'जुनून जब जीत में बदलता है तो...'

प्रधानमंत्री ने एशियाई खेलों में मिले पदकों को करोड़ों भारतीयों की सफलता बताते हुए कहा, ''आप सभी युवा एथलीट इस बात के उदाहरण हैं कि जुनून जब जीत में बदलता है तो कैसे पदक के साथ चेहरे की चमक भी लेकर आता है। आपकी सफलता केवल आपकी नहीं बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की सफलता है।'' इस मौके पर एशियाई खेलों में पहली बार एकसाथ स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली स्टिक और जर्सी प्रधानमंत्री को भेंट की। लगातार दूसरी बार स्वर्ण जीतने वाली दोनों क्रिकेट टीमों (पुरुष और महिला) ने भी जर्सी , तीरंदाजी में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने वाली कुमकुम मोहोद ने तीर और धनुष, स्वर्ण पदक विजेता गोल्फर प्रणवी उर्स ने गोल्फ बॉल और दस्ताने फ्रेम कराके प्रधानमंत्री को उपहार में दिए।

'आपको संकल्प कराना चाहता हूं कि...'

प्रधानमंत्री ने कहा, ''हमें खेलों में और भी बड़ी ऊंचाइयों तक जाना है। मैं आपको संकल्प कराना चाहता हूं कि हर मैदान पर तिरंगे की शान, खेलों में भारत की नई पहचान, हर खेल में नए चैम्पियंस , हमारे नाम कई और नए रिकॉर्ड।'' उन्होंने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद का जिक्र करते हुए कहा कि हॉकी के प्रति उनका समर्पण और परिश्रम याद दिलाता है कि संकल्प और सपने एक दिन में पूरे नहीं होते। उन्होंने कहा, ''इसके लिए वर्षों का धैर्य और लगातार परिश्रम अनिवार्य होता है। भारत ने भी बीते बारह वर्षों में बहुत धैर्य और परिश्रम के साथ अपने खिलाड़ियों और खेलों के इकोसिस्टम पर काम किया है। देश में यह बदलाव उसी भावना से आया है जिसकी बदौलत खिलाड़ियों ने सफलता हासिल की है।'' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हर खिलाड़ी को यह भरोसा रहता है कि उसके पूरे सफर में देश उसके साथ है और यह उसकी सफलता में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने एशियाई खेलों में युवाओं और महिला खिलाड़ियों खासकर स्वर्ण पदक विजेता महिला हॉकी टीम की खास तौर पर तारीफ की।

'भारत ने जो 85 पदक जीते हैं, उनमें...'

उन्होंने कहा, ''एशियाई खेलों में 15 और 17 साल के खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दिखाया कि सफलता के लिए उम्र बंदिश नहीं होती। मैं हमारी बेटियों की खास तौर पर सराहना करना चाहता हूं। भारत ने जो 85 पदक जीते हैं, उनमें से 38 महिला खिलाड़ियों ने जीते हैं और इनमें 11 स्वर्ण शामिल हैं। ये पदक सिर्फ एक संख्या नहीं है बल्कि नए भारत की सतत तस्वीर है।'' उन्होंने कहा, ''महिला हॉकी टीम ने स्वर्ण लाकर 44 साल के लंबे इंतजार को खत्म किया है। आज भारत ऐसे खेलों में भी पदक जीत रहा है जिनमें एशियाई खेलों में हमें पहले कभी पदक नहीं मिला था।'' उन्होंने खिलाड़ियों से युवाओं को प्रेरित करने का आहवान करते हुए कहा ,'' जिन मैदानों पर आपने खेलना शुरू किया था, वहां जरूर जाइए। देश के युवाओं को आपसे केवल खेल की प्रेरणा नहीं मिलती बल्कि खेल हमें गिरकर फिर से खड़े होने, हारकर जीतने की सीख देते हैं। यही खिलाड़ी भावना जीवन भर काम आती है।''

'भारत का गौरव बढ़ाने के लिए अपना...'

इस मौके पर खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने पिछले बारह साल में भारतीय खेलों में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल अब विकसित भारत का मजबूत स्तंभ बन चुका है। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को देते हुए कहा ,''आपने भारत में खेलों में 360 डिग्री बदलाव को हमेशा अपनी प्राथमिकता में रखा है। फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो भारत नीति, राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम आपके नेतृत्व में आया। कुछ समय पहले ही 36000 करोड़ रुपये की नई खेलो इंडिया नीति को मंजूरी दी है जिससे साबित होता है कि खेल अब विकसित भारत का मजबूत स्तंभ बन चुका है।'' उन्होंने कहा, ''हमारे खिलाड़ी आपको अपना परम मित्र मानते हैं और विश्वास दिलाते हैं कि 2028 ओलंपिक में भारत का गौरव बढ़ाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।'' इस मौके पर खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से, खेल सचिव हरि रंजन राव, भारतीय ओलंपिक संघ की प्रमुख पी टी उषा, राष्ट्रीय खेल महासंघों के वरिष्ठ पदाधिकारी ,अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष जय शाह भी मौजूद थे।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News , Cricket Schedule , Live Cricket Score से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। क्रिकेट की सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़'जुनून जब जीत में बदलता है तो...', PM मोदी ने पदक विजेताओं को दिलाया ये संकल्प