सट्टेबाजी मामले में मोहम्मद रिजवान पर PCB ने कसा शिकंजा, मीडिया से बात करने की अनुमति नहीं
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मोहम्मद रिजवान पर आला दर्जे की सख्ती बर्ती है। बोर्ड ने उन्हें सट्टेबाजी मामले में मीडिया से बात करने की अनुमति नहीं दी है। दो बार उनके आग्रह को पीबीसी ने नकार दिया है। राष्ट्रीय साइबर अपराध जांच एजेंसी जांच कर रही है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान को ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से जुड़े मामलों में उनकी संलिप्तता को लेकर राष्ट्रीय साइबर अपराध जांच एजेंसी (एनसीसीआईए) द्वारा की जा रही जांच के संबंध में मीडिया से बात करने की अनुमति नहीं दी।
एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि रिजवान ने पिछले सप्ताह दो बार पीसीबी से मीडिया से बात करने की अनुमति लेने के लिए संपर्क किया था, लेकिन दोनों ही मौकों पर उनका आग्रह नकार दिया गया।
टीम के सीनियर साथियों इमाम उल हक और सलमान अली आगा के साथ इंग्लैंड दौरे के बीच से वापस स्वदेश बुलाए गए रिजवान तब से सुर्खियों में हैं जब एनसीसीआईए ने उनसे ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से जुड़े एक मामले और उनके वित्तीय लेनदेन के बारे में पूछताछ की थी। लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के दौरान रिजवान और इमाम दोनों के फोन जब्त कर लिए गए थे और अब एनसीसीआईए उनकी फोरेंसिक जांच कर रही है।
लॉर्ड्स टेस्ट से शुरू हुआ सारा खेल
बता दें कि पाकिस्तान टीम हाल ही में अगस्त और सितंबर के महीने में इंग्लैंड के दौरे पर थी। वहां तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए गई थी। इस सीरीज में पड़ोसी मुल्क की क्रिकेट टीम को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा। अंग्रेंजों ने उन्हें 3-0 से शिकस्त दी। हीडिंग्ले लीड्स में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान को पारी और बड़े रनों के अंतर से हार मिली थी। यहां तक फिर भी मामला ठीक था। हालांकि, जैसे ही पाकिस्तान ने दूसरा टेस्ट मैच 194 रनों से गवांकर सीरीज गवां दी वैसे ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ऐक्शन लेना शुरू कर दिया। पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी एक्टिव हुए, चयनकर्ताओं से मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक को चुने जाने की सफाई मांगी और 24 घंटे के भीतर कारण बताओ नोटिस जारी करके जवाब मांगा। इसी दौरान 7 खिलाड़ियों को स्वदेश बुलाने का फरमान भी जारी हो गया। इतना ही नहीं, टेस्ट टीम के हेड कोच और बॉलिंग कोच की भी छुट्टी कर दी गई। और तो और जब सभी खिलाड़ी स्वदेश आ गए तो इमाम-उल-हक और मोहम्मद रिजवान पर जांच शुरू कर दी, इन दोनों खिलाड़ियों के मोबाइल जब्त कर लिया। आरोप लगा कि इन दोनों ने ड्रेसिंग रूम की जानकारियां दूसरी जगह साझा की हैं। सट्टेबाजी में भी इनका हाथ हो सकता है और बैंक के लेन देन की भी जानकारी जुटानी शुरू की गई। फिलहाल, जांच जारी है और मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पाकिस्तान की टेस्ट टीम के हालत नाजुक हैं। टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की लिस्ट में आखिरी पायदान पर है।


