प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस कहीं बिगाड़ न दे पंजाब किंग्स का खेल? अय्यर आर्मी को लगाना होगा जोर

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा
share

पिछले चार मैच में लगातार हार से पंजाब किंग्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में काफी दबाव में है। अगर उसे अपना अभियान वापस पटरी पर लाना है तो मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुरुवार को धर्मशाला में होने वाले मैच में उसे अपनी गेंदबाजी और फील्डिंग में जल्द से जल्द सुधार करना होगा।

प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस कहीं बिगाड़ न दे पंजाब किंग्स का खेल? अय्यर आर्मी को लगाना होगा जोर

पिछले चार मैच में लगातार हार से पंजाब किंग्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में काफी दबाव में है। अगर उसे अपना अभियान वापस पटरी पर लाना है तो मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुरुवार को धर्मशाला में होने वाले मैच में उसे अपनी गेंदबाजी और फील्डिंग में जल्द से जल्द सुधार करना होगा।

टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाली पंजाब किंग्स की टीम लगातार चार मैच हार चुकी है और प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रही है। टीम को अगर शीर्ष चार में जगह पक्की करनी है तो उसे अपने बाकी बचे मैचों में से कम से कम दो मैच जीतने होंगे।

उतार-चढ़ाव भरा पंजाब का सफर

पंजाब कुछ समय पहले तक टूर्नामेंट में एकमात्र अजेय टीम थी, लेकिन इस प्रारूप और आईपीएल की प्रकृति ही ऐसी है कि भाग्य बहुत जल्दी किसी भी तरफ पलट सकता है।

जैसा कि कप्तान श्रेयस अय्यर ने दिल्ली कैपिटल्स से मिली हार के बाद कहा, पंजाब किंग्स की इस मुश्किल स्थिति के लिए वे खुद ही जिम्मेदार हैं।

शानदार बल्लेबाजी से ढंक गई थीं गेंदबाजी की कमजोरियां

टूर्नामेंट के पहले भाग में बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से गेंदबाजी विभाग की कमजोरियां सामने नहीं आई लेकिन अब उसके लिए यह चिंता का विषय बन गया है।

दिल्ली के खिलाफ मैच में अय्यर और उनकी टीम जीत के करीब पहुंच गई थी लेकिन आखिरी पांच ओवरों में तेज गेंदबाजों ने अपनी लेंथ सही नहीं रखी। अर्शदीप सिंह की अगुवाई वाले तेज गेंदबाजी आक्रमण का इकॉनमी रेट 10 टीमों में सबसे खराब है।

आईपीएल के पहले हाफ में जेवियर बार्टलेट और अर्शदीप ने नई गेंद से अच्छा संयोजन प्रदान किया, लेकिन लॉकी फर्ग्यूसन की वापसी के बाद इसमें अस्थिरता देखने को मिली है।

पंजाब ने पिछले मैच में बाएं हाथ के तीन तेज गेंदबाजों को मैदान पर उतारा, जिनमें बेन ड्वार्शियस भी शामिल थे, जो काफी महंगे साबित हुए। अर्शदीप ने जिन 11 मैचों में हिस्सा लिया है, उनमें से अधिकांश में उन्होंने प्रति ओवर 10 से अधिक रन दिए हैं।

फील्डिंग पर भी करना होगा काम

अगर पंजाब की बल्लेबाजी की बात करें तो प्रभसिमरन सिंह को रन बनाने होंगे ताकि वह शीर्ष क्रम में प्रियांश आर्य का साथ दे सकें। पंजाब की फील्डिंग भी पिछले कुछ मैच में अच्छी नहीं रही और उन्होंने कई कैच छोड़े जिससे टीम को नुकसान हुआ।

मुंबई इंडियंस के पास अब खोने के लिए कुछ नहीं

पंजाब का सामना अब मुंबई इंडियंस से है जिसने अभी तक निराशाजनक प्रदर्शन किया है। लेकिन पंजाब को उसे किसी भी तरह से हल्के से लेने की कोशिश नहीं करनी चाहिए क्योंकि वह उसके समीकरण बिगाड़ने में सक्षम है।

मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या चोटिल होने के कारण पिछले दो मैच में नहीं खेल पाए थे और यह देखना बाकी है कि वह पूरी तरह से फिट हो गए हैं या नहीं।

पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे सूर्यकुमार यादव बाकी बचे तीन मैचों का भरपूर फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। रियान रिकेल्टन और रोहित शर्मा से भी पावरप्ले में तूफानी शुरुआत की उम्मीद की जाएगी।

टीम इस प्रकार हैं:

पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, हरनूर सिंह, प्रभसिमरन सिंह, मिचेल ओवेन, नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसन, मुशीर खान, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बराड़, विजयकुमार विशाक, यश ठाकुर, कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शियस, पाइला अविनाश, विष्णु विनोद, प्रवीण दुबे, विशाल निषाद।

मुंबई इंडियंस: नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, रियान रिकेल्टन, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), राज बावा, विल जैक, कॉर्बिन बॉश, तिलक वर्मा, ट्रेंट बोल्ट, अश्विनी कुमार, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, मयंक मारकंडे, शार्दुल ठाकुर, क्विंटन डीकॉक, दानिश मालेवार, अथर्व अंकोलेकर, एएम ग़ज़नफ़र, मयंक रावत, रघु शर्मा, मोहम्मद सलाउद्दीन इज़हार, रॉबिन मिंज।

समय: मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे शुरू होगा।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले GT vs RCB Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।