Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Pat Cummins ruled out of Ashes 2025 series opener Steve Smith to take over as captain
पैट कमिंस एशेज सीरीज के पहले मैच से बाहर, जानिए कौन करेगा ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी?

पैट कमिंस एशेज सीरीज के पहले मैच से बाहर, जानिए कौन करेगा ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी?

संक्षेप:

ऑस्ट्रेलिया की वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले पहले एशेज टेस्ट से बाहर हो गए हैं और उनकी अनुपस्थिति में स्टीव स्मिथ टीम की कमान संभालेंगे।

Mon, 27 Oct 2025 10:52 AMBhasha कैनबरा
share Share
Follow Us on

एशेज सीरीज 2025-26 से पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम को बड़ा झटका कप्तान पैट कमिंस के रूप में लगा है। पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले पहले एशेज टेस्ट से बाहर हो गए हैं। पैट कमिंस की अनुपस्थिति में स्टीव स्मिथ टीम की कमान संभालेंगे। कमिंस जुलाई से पीठ की चोट के कारण मैदान से बाहर हैं। उन्होंने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि 21 नवंबर से पर्थ में इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच में उनके खेलने की संभावना कम है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कैनबरा में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने उनके फिट होने के लिए जितना समय तय किया था, वह समाप्त हो गया है। हमने एक सप्ताह पहले ही यह संकेत दे दिया था कि उन्हें फिट होने में चार सप्ताह से अधिक का समय लगेगा और दुर्भाग्यवश हमारे पास समय नहीं बचा है, लेकिन हमें पूरी उम्मीद है कि वह दूसरे टेस्ट मैच में वापसी करेंगे।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘वह पिछले कुछ समय से इससे जूझ रहे हैं। चोट की प्रकृति ऐसी है कि आप उसका पक्के तौर पर कुछ आकलन नहीं कर सकते। हम प्रतिदिन उनकी फिटनेस पर निगरानी रखते हैं।’’ मैकडोनाल्ड ने कहा कि यह तेज गेंदबाज इस सप्ताह गेंदबाजी शुरू कर देगा और उन्हें उम्मीद है कि कमिंस चार दिसंबर से ब्रिस्बेन में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए समय पर फिट हो जाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘वह इस सप्ताह गेंदबाजी करना शुरू कर देंगे और यह बड़ी प्रगति है। हमें पूरी उम्मीद है कि वह दूसरे टेस्ट मैच तक पूरी तरह से फिट हो जाएंगे। वह टीम के साथ पर्थ जाएंगे और तब हमें उनकी फिटनेस का सही आकलन करने का भी मौका मिलेगा।’’ स्मिथ ने 2021 से कमिंस की अनुपस्थिति में छह बार ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की है। मैकडोनाल्ड ने कहा, ‘‘हमने स्टीव स्मिथ को कप्तान बनाया है और हम बहुत भाग्यशाली हैं कि हमें इतना अनुभवी कप्तान मिला है।’’

स्कॉट बोलैंड के पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजी आक्रमण में मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड के साथ शामिल होने की संभावना है। मैकडोनाल्ड ने कहा, ‘‘कप्तान का नहीं खेल पाना निराशाजनक है, लेकिन जब आप स्कॉट बोलैंड को संभावित विकल्प के रूप में देखते हैं, तो यह कोई बुरी स्थिति नहीं है। ’’

Vikash Gaur

लेखक के बारे में

Vikash Gaur
विकाश गौड़, लाइव हिन्दुस्तान के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनको करीब 8 साल का अनुभव है। करियर की शुरुआत से ही ये डिजिटल मीडिया से जुड़े हुए हैं। 2016 में इन्होंने अपने पत्रकारिता के सफर का शुभारंभ किया। खबर नॉन स्टॉप से शुरुआत करते हुए, वे पत्रिका समूह की प्रमुख वेबसाइट कैच न्यूज से जुड़े, जहां इन्होंने खेल से जुड़ी खबरों की बारीकियों को सीखा। इसके बाद, इन्होंने डेली हंट में थोड़े समय के लिए वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में काम किया और फिर दैनिक जागरण की वेबसाइट से जुड़कर पूरी तरह से खेल समाचारों की दुनिया में प्रवेश कर लिया। यहां इन्होंने लगभग ढाई साल तक कार्य किया और जनवरी 2021 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। अपने करीब साढ़े छह साल के अनुभव में विकाश ने सभी प्रमुख खेल आयोजनों को कवर किया है, जिनमें क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल, ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और कई अन्य बड़े खेल आयोजन शामिल हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |