बाहर निकालो…पाकिस्तानी दिग्गज ने की T20 से बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब की छुट्टी की मांग

Feb 16, 2026 01:23 pm ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

टी20 विश्व कप में भारत के हाथों एकतरफा मुकाबले में मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान के कई पूर्व दिग्गज जैसे सदमे में हैं। दिग्गज बल्लेबाज रहे मोहम्मद यूसुफ तो हार से इतने भड़के हैं कि कुछ सीनियर खिलाड़ियों की टी20 इंटरनेशनल से छुट्टी की ही मांग कर दी है। 

बाहर निकालो…पाकिस्तानी दिग्गज ने की T20 से बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब की छुट्टी की मांग

टी20 विश्व कप में भारत के हाथों एकतरफा मुकाबले में मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान के कई पूर्व दिग्गज जैसे सदमे में हैं। शोएब अख्तर जैसे कुछ पूर्व खिलाड़ी जहां पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी की लानत-मलानत कर रहे, वहीं मोहम्मद यूसुफ तो हार से इतने भड़के हैं कि कुछ सीनियर खिलाड़ियों की टी20 इंटरनेशनल से छुट्टी की ही मांग कर दी है। यूसुफ इस कदर गुस्से में हैं कि ये तक कह गए कि पाकिस्तान की टीम कमजोर टीमों के खिलाफ खोखली जीत हासिल कर रही है।

सिर्फ नाम के किंग और प्रीमियम फास्ट बोलर!

टी20 विश्व कप में भारत से हार के बाद मोहम्मद यूसुफ ने 'किंग बाबर आजम' और 'प्रीमियम फास्ट बोलर' शाहीन शाह अफरीदी पर भड़ास निकाली है। उन्होंने शादाब खान को भी नहीं बख्शा और तीनों की पाकिस्तान के टी20 स्क्वाड से छुट्टी की मांग की।

भारत से हार के बाद यूसुफ ने एक्स पर पोस्ट किया, 'शाहीन, बाबर और शादाब का समय पूरा हुआ। पाकिस्तान के टी20 स्क्वाड को नए परफॉर्मर्स की जरूरत है न कि कमजोर टीमों के खिलाफ खोखली जीत की।'

‘प्रीमियम फास्ट बोलर’ ने 4 ओवर का कोटा तक पूरा नहीं किया!

टी20 विश्व कप में रविवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में चिर-प्रतिद्वंद्वियों भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप ए का महामुकाबला हुआ। इस एकतरफा मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली। सलमान आगा की अगुआई वाली टीम को बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी से इस मैच में काफी उम्मीदें थीं लेकिन दोनों सुपर फ्लॉप रहे।

आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिनरों के लिए मददगार मानी जाती है। यही वजह है कि टॉस जीतकर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने पहले गेंदबाजी चुनी और भारत के खिलाफ स्पिनरों की फौज उतार दी। आगा ने ही पहला ओवर डाला और विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को शून्य पर आउट भी कर दिया। हालांकि जबरदस्त फॉर्म में चल रहे ईशान किशन ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उनकी 77 रनों की जबरदस्त पारी की बदौलत भारत ने 175 रनों का फाइटिंग टोटल खड़ा किया।

पाकिस्तान ने इस मैच में सिर्फ एक तेज गेंदबाजी से गेंदबाजी कराई और उससे भी 4 ओवर का कोटा पूरा नहीं कराया। वह इकलौते तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ही थे। वह बिल्कुल भी असर नहीं छोड़ पाए और 2 ओवर में 31 रन लुटाए।

बाबर आजम का एक और फ्लॉप शो

बाबर आजम की बाद करें तो वह भी बल्लेबाजी में बुरी तरह फेल रहे। पाकिस्तानी अक्सर उनकी किंग कोहली यानी विराट कोहली से तुलना करते रहे हैं लेकिन बाबर बिल्कुल भी छाप नहीं छोड़ पाए। किंग कोहली तो मुश्किल हालात में लक्ष्य का पीछा करते हुए कई बार भारत को असंभव सी दिखने वाली जीत दिलाई है। वह चेज मास्टर कहे जाते हैं। पाकिस्तान के खिलाफ भी टी20 में वह ऐसा कर चुके हैं। बाबर आजम के पास रविवार को कोहली जैसा करिश्मा करने का मौका था लेकिन वह फ्लॉप रहे।

बाबर आजम की पारी सिर्फ 7 गेंदों तक चली। वह 5 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर चलते बने।

शादाब गेंद और बल्ले दोनों से नाकाम

शादाब खान गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में सुपर फ्लॉप रहे। उन्होंने 1 ओवर फेंका और उसमें बिना कोई विकेट लिए 17 रन लुटाए। वहीं बल्लेबाजी में वह 15 गेंदों में सिर्फ 14 रन बना पाए। पार्ट टाइम गेंदबाज तिलक वर्मा ने उन्हें चलता किया।

पाकिस्तान पर सुपर-8 की रेस से बाहर होने का खतरा

भारत से करारी हार के बाद पाकिस्तान ग्रुप ए के पॉइंट टेबल में पहले नंबर से सीधे तीसरे नंबर पर खिसक गया है। अब तो उसके पास सुपर-8 की रेस से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। अगर पाकिस्तान अपने आखिरी लीग मैच में नामीबिया से हार गया तो इस टी20 वर्ल्ड कप में उसका सफर वहीं पर खत्म हो जाएगा।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, लाइव स्कोर, क्रिकेट शेड्यूल, T20 वर्ल्ड कप 2026, T20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप 2026 प्वाइंट टेबल की पूरी जानकारी और खिलाड़ियों के आंकड़े हिंदी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।
;;;