वुमेंस एशिया कप में पाकिस्तान ने थाइलैंड को हराया, मगर पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया है नंबर वन
वुमेंस एशिया कप में पाकिस्तान ने थाइलैंड को 35 रनों से हराया। पाकिस्तान के पास पॉइंट्स टेबल में नंबर वन बनने का मौका था, लेकिन उनसे ऐसा नहीं हुआ। टीम इंडिया अब अंकतालिका में नंबर वन है।

Women's Asia Cup 2026 में मंगलवार 1 सितंबर को पाकिस्तान और थाइलैंड के बीच मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले से पहले सभी को नतीजा पता था कि क्या होने वाला है, क्योंकि पाकिस्तान की टीम थाइलैंड की अपेक्षा काफी बेहतर है। हालांकि, एक बात थी, जिस पर सभी का ध्यान था कि क्या ग्रुप ए की पॉइंट्स टेबल में पाकिस्तान की टीम भारत को पछाड़कर नंबर वन बन जाएगी? इसका जवाब मैच के बाद मिल गया, क्योंकि पाकिस्तान को उतनी बड़ी जीत नहीं मिली, जितनी बड़ी जीत भारतीय महिला क्रिकेट टीम को मिली थी।
वुमेंस एशिया कप टी20 2026 के पांचवें मैच में दुबई के मैदान पर पाकिस्तान ने 35 रनों के अंतर से थाइलैंड को हराया। पाकिस्तान की यह पहली जीत इस टूर्नामेंट में है। हालांकि, पहला ही मुकाबला उन्होंने खेला था, जबकि थाइलैंड ने 3 में से दो मुकाबले गंवा दिए हैं और एक मैच में जीत दर्ज की हुई है। थाइलैंड की टीम के सभी मुकाबले समाप्त हो गए हैं और लगभग टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है, जिसने अपने पहले मैच में हॉन्ग कॉन्ग की टीम को 6 रनों के अंतर से हराया था। इसके बाद उन्हें भारत और फिर पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा।
ये है पाकिस्तान वर्सेस थाइलैंड मैच का लेखा-जोखा
इस मैच की बात करें तो पाकिस्तान की टीम की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी। हालांकि, टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 119 रनों तक ही पहुंच पाई। उधर, 120 रनों के जवाब में थाइलैंड की टीम 8 विकेट खोकर 84 रनों तक ही पहुंच पाई और मुकाबला 35 रनों के अंतर से हार गई। पाकिस्तान के लिए मुनीबा अली ने 52 गेंदों में 54 रनों की पारी खेली, जबकि 30 रन सदफ शमस ने बनाए। उम ई हानि ने 17 और तूबा हसन ने 12 रन बनाए। पाकिस्तान की ये कोई अच्छी परफॉर्मेंस नहीं थी, क्योंकि सामने थाइलैंड की बेहद कमजोर टीम थी। थिपात्चा पुत्थावोंग और सुलीपोर्न लाओमी ने 3-3 विकेट थाइलैंड के लिए निकाले। वहीं, जब थाइलैंड की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तो चानिदा सुथिरुआंग ने 25 और कप्तान नारुएमोल चाइवाई ने 17 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान के लिए सादिया इकबाल ने 3 विकेट निकाले और 2 विकेट तूबा हसन को मिले।
टीम इंडिया पॉइंट्स टेबल में नंबर वन
वुमेंस एशिया कप 2026 के ग्रुप ए की पॉइंट्स टेबल की बात करें तो भारतीय टीम यहां आपको नंबर वन की कुर्सी पर नजर आएगी, जबकि पाकिस्तान की टीम दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। पाकिस्तान ने एक ही मैच खेला है और भारत भी एक ही मैच खेला है। दोनों ने थाइलैंड को हराया है। दोनों के खाते में 2-2 पॉइंट हैं, लेकिन नेट रन रेट भारत का बेहतर है। तीसरे स्थान पर थाइलैंड हैं और चौथे स्थान पर इस ग्रुप में हॉन्ग कॉन्ग की टीम है, जिसने अभी सिर्फ एक ही मुकाबला खेला है। इस टीम को अभी टीम इंडिया और पाकिस्तान से भिड़ना है। इंडिया और पाकिस्तान के बीच भी एक मुकाबला आयोजित होना है।



