बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान का सूपड़ा साफ, इंग्लैंड ने 3-0 से जीती टेस्ट सीरीज
बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान का सूपड़ा साफ हो गया है। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 3-0 से हरा दिया है। लीड्स, लॉर्ड्स के बाद अब एजबेस्टन में इंग्लैंड की टीम ने 8 विकेट से पाकिस्तान को शिकस्त दे दी है।

पाकिस्तान का इंग्लैंड दौरान समाप्त हो चुका है। पाक टीम अगस्त महीने से तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड गई थी, जहां 3-0 से बुरी तरह शृंखला हार गई है। बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तान का सूपड़ा साफ हो गया है। पाक टीम को लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में बड़ी हार मिली थी। इसके बाद लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भी 194 रनों से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। इस हार के बाद 7 खिलाड़ियों को स्वदेश बुला लिया गया था। हालांकि, इतने बड़े चेंज के बाद एजबेस्टन में तीसरे टेस्ट मैच में उतरी पाकिस्तान की टीम बिल्कुल भी अगल प्रदर्शन नहीं कर सकी और पिछले दोनों मैचों की तरह तीसरा मुकाबला भी 8 विकेट से हार गई। पाकिस्तान पर इंग्लैंड की टीम ने क्लीन स्वीप किया और अपनी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को भी बरकरार रखा है।
पहली पारी में पाकिस्तान की टीम 133 रनों पर ऑलआउट हो गई
एजबेस्टन, बर्मिंघम में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मजबूरन पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की पूरी टीम मैच के पहले दिन ही सिर्फ 35.5 ओवर सर्वाइव कर सकी और 133 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस पारी में पाकिस्तान की बल्लेबाजी इतनी बुरी तरह फेल हुई कि 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। शाउद शकील ने सर्वाधिक 43 रन बनाए, जबकि मोहम्मद अब्बास ने 21 रनों की पारी खेली। रजाउल्लाह ने 11 रन बनाए। इन तीनों के अलावा बाकी के 8 बल्लेबाज सिंगल डिजिट पर आउट हुए।
पहली पारी में जोश टंग ने 4 विकेट हासिल किए। जोफ्रा आर्चर और ओली रॉबिन्सन को तीन-तीन विकेट मिले।
इंग्लैंड ने जवाब में 453 रन बनाए, 320 रनों की विशाल बढ़त
पाकिस्तान के पहली पारी के 133 रनों के जवाब में इंग्लैंड ने दमदार बल्लेबाजी की और 89 ओवर खेलते हुए 453 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। पहली पारी के आधार पर 320 रनों की विशाल बढ़त हासिल की और पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया। हैरी ब्रुक ने सर्वाधिक 75 रन बनाए। जेमी स्मिथ ने 69, डैन लॉरेंस ने 65 ओली रॉबिन्सन ने 50, इमिलियो ने 60 रनों की पारी खेली।
दूसरी पारी में पाकिस्तान की वापसी, बना दिए 449 रन
एक समय 320 रनों की बढ़त मिलने के बाद लग रहा था कि पाकिस्तान टीम को फॉलोऑन खेलना पड़ सकता है। हालांकि, मेहमान टीम ने दमदार वापसी की और दूसरी पारी में 449 रन बना दिए। नए आए बल्लेबाज रजाउल्लाह ने 4 चौकों और 9 छक्कों की मदद से कुल 81 रन बनाए। कप्तान बाबर आजम ने 76 रन बनाए। शान मसूद शतक से चूक गए। उन्होंने 95 रनों की पारी खेली। अजान अवैस ने 59 रन बनाए। इस पारी में इंग्लैंड के गेंदबाज पूरी तरह से पस्त नजर आए। जोश टंग, गस एटकिंसन और जोफ्रा आर्चर ने 100 से अधिक रन खर्चे। गस एटकिंसन ने 3 विकेट हासिल किए। जोश टंग, डैन लॉरेंस और ओली रॉबिन्सन को 2-2 विकेट मिले। जोफ्रा आर्चर ने 1 विकेट हासिल किया।
130 रनों के लक्ष्य को 2 विकेट खोकर किया हासिल
पाकिस्तान ने इंग्लैंड के ऊपर अपनी दूसरी पारी में 129 रनों की बढ़त हासिल की और 130 रनों का लक्ष्य दिया। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड के दो विकेट 10 रनों के भीतर गिर गए। हालांकि, जॉर्डन कॉक्स और जो रूट ने मोर्चा संभाला और 130 रनों के लक्ष्य को 24.2 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया। रूट ने 62 और जॉर्डन कॉक्स ने 59 रनों की पारी खेली और इंग्लैंड को पाकिस्तान के ऊपर क्लीन स्वीप करने में मदद की। डैन लॉरेंस को प्लेयर ऑफ द मैच और ओली रॉबिन्सन और मोहम्मद अब्बास को प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।



