
WTC चैंपियन साउथ अफ्रीका की टीम ने जीता दूसरा टेस्ट, पाकिस्तान से किया हिसाब बराबर
WTC चैंपियन साउथ अफ्रीका की टीम ने दूसरा टेस्ट मैच जीत लिया है। इसी के साथ दो मैचों की टेस्ट सीरीज बराबरी पर खत्म हुई है। पहला टेस्ट मैच पाकिस्तान ने जीता था। इस मैच में केशव महाराज ने 9 विकेट निकाले।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की विजेता साउथ अफ्रीका ने पाकिस्तान की सरजमीं पर भी दमदार खेल दिखाया है। डब्ल्यूटीसी 2025-27 के तहत खेली गई दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान को 8 विकेट से साउथ अफ्रीका ने हराया है। इसी के साथ ये सीरीज 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुई है। इस मैच में प्लेयर ऑफ द मैच साउथ अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज रहे, जिन्होंने पहली पारी में सात विकेट निकाले थे। दूसरी पारी में भी 2 विकेट उनको मिले। 30 रन भी उनके बल्ले से इस मैच में निकले, जो अहम साबित हुए।
रावलपिंडी में खेले गए इस मुकाबले की बात करें तो पाकिस्तान की टीम के कप्तान शान मसूद ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी। पाकिस्तान ने पहली पारी में 333 रन बनाए थे। इसके जवाब में 404 रन साउथ अफ्रीका ने बना दिए थे। पाकिस्तान की टीम पहली पारी में करीब 70 रनों से पिछड़ गई थी। इसके बाद पाकिस्तान की टीम फिर से बल्लेबाजी के लिए उतरी, लेकिन 138 रन पर ढेर हो गई।
साउथ अफ्रीका की टीम को महज 73 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे साउथ अफ्रीका ने 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। पाकिस्तान के लिए पहली पारी में तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़ा था, जिनमें अब्दुल्लाह शफीक, शान मसूद और सऊद शकील का नाम शामिल है। साउथ अफ्रीका के लिए पहली पारी में ट्रिस्टन स्टब्स, टोनी डिजोरजी और सेनुरन मुथुसामी ने अर्धशतक जड़े।
पाकिस्तान के लिए दूसरी पारी में बाबर आजम के बल्ले से अर्धशतक निकला, जबकि अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। 3 ओवर बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सके। साउथ अफ्रीका के लिए कप्तान एडेन मार्करम ने 44 रनों की पारी खेली। 25 रन रियान रिकेल्टन ने बनाए। 6 विकेट दूसरी पारी में पाकिस्तान के खिलाफ सिमोन हार्मर ने चटकाए। सेनुरन मुथुसामी को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया, जिन्होंने दो मैचों में 106 रन बनाए और गेंद से भी अच्छा प्रदर्शन किया। 2 मैचों में 11 विकेट उन्होंने निकाले।






