पाकिस्तान ने डाले हथियार; इंग्लैंड के पास 261 रनों की बढ़त; ओली रॉबिन्सन ने बरपाया कह
पाकिस्तान को 110 रनों पर समेटने के बाद दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 261 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। दूसरे दिन के स्टार ओली रॉबिन्सन रहे जिन्होंने महज 11 रन देकर 4 विकेट चटकाए।

इंग्लैंड-पाकिस्तान के बीच तीन मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड ने पहली पारी में 290 रन बोर्ड पर लगाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम महज 110 रनों पर ही सिमट गई। अजान अवैस ने 102 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 46 रन बनाए, उनके अलावा कोई पाकिस्तानी बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा तक नहीं छू पाया। कप्तान बाबर आजम भी 8 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं चोटिल इमाम उल हक तो बैटिंग के लिए भी नहीं उतरे। ऑली रॉबिन्सन ने अपनी आग उगलती गेंदबाजी से एक बार फिर कहर बरपाया। महज 11 रन देकर उन्होंने 4 विकेट चटकाए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 81 रन बोर्ड पर लगाए। कप्तान जो रूट ने एक बार फिर निराश किया। वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
दिन की शुरुआत में इंग्लैंड की पहली पारी 290 पर सिमटी जिसके बाद उसके चारों तेज गेंदबाजों ने पाकिस्तान के बल्लेबाजों पर कहर बरपाते हुए महत 37.2 ओवर में पूरी पारी समेट दी।
ओली रॉबिन्सन इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 13 ओवर में छह मेडन डालते हुए सिर्फ 11 रन देकर चार विकेट झटके। जोफ्रा आर्चर ने 11.2 ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि जोश टंग को दो सफलताएं मिलीं। गस एटकिंसन थोड़े दुर्भाग्यशाली रहे और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
पाकिस्तान की ओर से युवा सलामी बल्लेबाज अजान अवैस ने सबसे ज्यादा संघर्ष दिखाया। लीड्स में पिछले सप्ताह खेले गए पहले टेस्ट में शून्य और नौ रन बनाने वाले अवैस ने इस बार 102 गेंदों का सामना करते हुए 46 रन बनाए और 35वें ओवर तक क्रीज पर डटे रहे। वह पुल शॉट खेलने के प्रयास में बाउंड्री के पास कैच दे बैठे।
अवैस की पारी इसलिए भी खास रही कि पाकिस्तान के स्कोर में उनके बाद सबसे ज्यादा योगदान 20 अतिरिक्त रनों का था। वह 106 रन के स्कोर पर पाकिस्तान के आठवें विकेट के रूप में आउट हुए। टीम को व्यावहारिक तौर पर नौ विकेट ही उपलब्ध थे क्योंकि अवैस के सलामी जोड़ीदार इमाम-उल-हक बृहस्पतिवार को क्षेत्ररक्षण के दौरान बाएं पिंडली में मामूली चोट लगने के कारण बल्लेबाजी नहीं कर सके।
पाकिस्तान को सबसे बड़ा झटका लंच से ठीक पहले लगा, जब शानदार फॉर्म में चल रहे अब्दुल्ला शफीक 15वें ओवर में 16 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद उंगली की चोट के कारण पहला टेस्ट नहीं खेल सके कप्तान बाबर आजम बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने लंच के बाद आते ही कवर के क्षेत्र में दो चौके लगाए, लेकिन टंग की गेंद पर बल्ले का किनारा लगाकर थर्ड स्लिप में कैच दे बैठे।
सऊद शकील के अलावा केवल अवैस ही पाकिस्तान के किसी अन्य बल्लेबाज के रूप में दहाई का आंकड़ा छू सके। शकील ने 16 गेंदों पर 16 रन बनाए, लेकिन रॉबिन्सन ने उन्हें बैकफुट पर फंसाकर पगबाधा कर दिया।
बारिश के कारण करीब 30 मिनट का खेल रुका। खेल दोबारा शुरू होने के बाद मोहम्मद रिजवान भी रॉबिन्सन की गेंद पर पगबाधा होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद तो विकेटों की झड़ी लग गई।
अली उस्मान ने आर्चर की गेंद अपने ही स्टंप पर खेल दी। खुर्रम शहजाद ने रॉबिन्सन की गेंद पर दूसरी स्लिप में कैच थमा दिया और फिर अवैस की जुझारू पारी भी समाप्त हो गई।
आर्चर मोहम्मद अली को भी अपना शिकार बना सकते थे, लेकिन जो रूट ने लेग स्लिप में उनका कैच छोड़ दिया। आर्चर को हालांकि ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा और उन्होंने मोहम्मद अब्बास को बोल्ड कर पाकिस्तान की पारी 110 रन पर समेट दी।
(भाषा के इनपुट के साथ)



