भारतीय क्रिकेटर माफी मांगें, तब खेलेंगे; नहीं मानी गई शर्त तो पाकिस्तान ने WCL से वापस लिया नाम
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (डब्ल्यूसीएल) में ना खेलने का फैसला किया है। पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट के सीजन 3 से नाम वापस ले लिया है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (डब्ल्यूसीएल) में ना खेलने का फैसला किया है। पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट के सीजन 3 से नाम वापस ले लिया है। बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तानी लीजेंड्स का मैच तकनीकी कारणों से रद्द कर दिया गया था। हालांकि, यह जानकारी ज्यादातर लोगों को पता थी कि प्रबंधन पीसीबी द्वारा जारी किए जाने वाले एनओसी का इंतजार कर रहा था। घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पीसीबी ने एनओसी जारी कर दिया, लेकिन कुछ शर्तें रखीं, जिन्हें आयोजकों ने अस्वीकार कर दिया। पीसीबी ने शर्त रखी थी कि पिछले सीजन हुए ड्रामे पर भारतीय लीजेंड्स माफी मांगें।
बीते साल भारत में पहलगाम आतंकी हमला हुआ था जिसके पीछे पाकिस्तानी आंतकियों का हाथ बताया गया था। इस घटना के बाद भारतीय लीजेंड्स की टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में खेलने से इनकार कर दिया था। इस कारण पहले तो ग्रुप स्टेज के मुकाबले रद्द कर दिए गए थे इसके बाद सेमीफाइनल से पहले भारतीय टीम अपने फैसले पर अड़ी रही। भारत ने सेमीफाइनल नहीं खेला और पाकिस्तान को वॉकओवर मिल गया। फाइनल मुकाबला पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका लीजेंड्स के बीच खेला गया जिसमें पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा। बता दें कि इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ भी नहीं मिलाया था।
पीसीबी चाहता था भारतीय लीजेंड्स माफी मांगें
सूत्रों के अनुसार, पीसीबी चाहता था कि भारतीय टीम पिछले साल के विवाद के लिए माफी मांगें। हालांकि, लीजेंड्स लीग की आयोजन समिति ने इन पाकिस्तान की इन मांगों को सिरे से खारिज कर दिया। इस घटना के चलते पाकिस्तान को टूर्नामेंट से नाम वापस लेना पड़ा। पाकिस्तान के पास इसके अलावा कोई विकल्प भी नहीं था। सूत्र ने हिंदुस्तान टाइम्स डिजिटल से बताया कि “पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कुछ शर्तें लगाकर लीजेंड्स टीम को वर्ल्ड लीजेंड्स चैंपियनशिप खेलने की इजाजत दी थी और एनओसी जारी किया था। हालांकि, वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स की प्रबंधन टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की इस मांग खारिज कर दिया। सूत्र ने बताया कि ”पीसीबी चाहता था कि भारतीय लीजेंड्स पिछले साल मैदान पर ना उतरने के लिए लिखित माफी मांगें। साथ ही साथ बोर्ड यह भी चाहता था कि भारतीय खेमा इस बार हाथ मिलाने के लिए तैयार हो। हालांकि,चैंपियनशिप आयोजित कराने वाले प्रबंधन ने इन मांगों को सिरे से अस्कीकार कर दिया।"
बता दें कि इससे पहले WCL सीजन 3 के आयोजकों ने टूर्नामेंट का कार्यक्रम घोषित किया था, जिसमें भारत बनाम पाकिस्तान का मैच 10 अक्टूबर को होना था। हालांकि, पाकिस्तान द्वारा प्रतियोगिता से आधिकारिक तौर पर नाम वापस लेने के बाद यह मैच अब नहीं होगा।


