पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड छोटे देशों से कर रहा ‘वसूली’, अपने खिलाड़ियों को नहीं दे रहा NOC
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड छोटे क्रिकेट देशों से ‘वसूली’ कर रहा है। अपने खिलाड़ियों को उनके यहां टी20 या टी10 लीग में खेलने के लिए NOC नहीं दे रहा है। इसके लिए बोर्ड ने एक फीस की मांग की है, जो लाखों में है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पैसा कमाने का एक अलग पैंतरा निकाला है। खिलाड़ियों को बाहरी लीगों में खेलने के लिए एनओसी देने के एवज में पीसीबी ने आयोजकों से मोटा पैसा वसूलना शुरू कर दिया है। हाल ही में नेपाल प्रीमियर लीग से जुड़ा मामला सामने आया था, जहां पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आयोजकों से खिलाड़ियों को एनओसी यानी नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट देने के लिए 25-25 हजार यूएस डॉलर की मांग की थी। अब ऐसा ही कुछ अबू धाबी टी10 लीग के लिए पीसीबी ने किया है, जहां 10-10 हजार यूएस डॉलर की मांग आयोजकों से खिलाड़ियों को एनओसी प्रदान करने के लिए की है।
आखिरी समय पर पाकिस्तान ने ऐसा किया है। इस वजह से आयोजकों को या तो इस कीमत को चुकाना होगा या फिर रिप्लेसमेंट के बारे में सोचना होगा। पीसीबी ने अपने खिलाड़ियों को एनओसी ब्लॉक कर दी है। क्रिकइन्फो की रिपोर्ट की मानें तो अबू धाबी T10 मैनेजमेंट ने 30 सितंबर को लीग के प्लेयर्स ड्राफ्ट के तुरंत बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए NOCs के लिए एप्लीकेशन दी थी। अधिकारियों के मुताबिक, PCB ने इस हफ्ते की शुरुआत में ही 10000 यूएस डॉलर (करीब साढञे 9 लाख रुपये) की मांग बताई, जो 7 नवंबर को टूर्नामेंट शुरू होने से कुछ दिन पहले की बात है।
प्लेयर्स ड्राफ्ट में छह में से पांच टीमों ने पाकिस्तान के कुल 16 क्रिकेटरों को चुना है। कुछ खिलाड़ी अपनी सैलरी से PCB को फीस देने की योजना बना रहे थे, लेकिन उनके टीम मालिकों ने एक्स्ट्रा USD $10,000 देने से मना कर दिया। बीच का रास्ता निकालने की कोशिशों के बावजूद, टीमें अब रिप्लेसमेंट खिलाड़ियों की तलाश कर रही हैं। पाकिस्तान बिना फीस के अपने खिलाड़ियों को एनओसी देने के लिए तैयार नहीं है। टीमें भी अतिरिक्त 10 हजार डॉलर खिलाड़ियों के लिए खर्च नहीं करना चाहती हैं।
पिछले महीने पीसीबी ने नेपाल प्रीमियर लीग में खेलने के लिए खिलाड़ियों को एनओसी नहीं दी थी। इस टी20 लीग के लिए पीसीबी ने एनपीएल के आयोजकों से 25-25 हजार यूएस डॉलर (करीब 24 लाख रुपये) की मांग एक-एक खिलाड़ी को एनओसी देने के एवज में की थी। इनमें से सिर्फ दो ही खिलाड़ियों को एनओसी मिली, जो इस समय नेपाल लीग में खेल रहे हैं। हुसैन तलत और जहांदाद खान के लिए शायद उनकी टीमों ने पीसीबी को फीस दी है।
आपको बता दें, हाल के सालों में PCB की फ्रेंचाइजी लीग में हिस्सा लेने के लिए NOC जारी करने के बदले में फीस मांगने की ऑन-ऑफ पॉलिसी रही है। यह पहली बार तब सामने आया था, जब ILT20 का लॉन्च हुआ था। बोर्ड ने ऐसा इसलिए किया था, क्योंकि PCB को लगता था कि खिलाड़ियों की आपसी उपलब्धता का अरेंजमेंट खास तौर पर अच्छा नहीं है। पीसीबी इस बात का फायदा उठा रहा है कि नेपाल और UAE के खिलाड़ियों की मांग पीएसएल में नहीं है। ऐसे में उनसे एक मोटी फीस वसूली जा सकती है, क्योंकि यही काम सामने वाला बोर्ड भी पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने वाले खिलाड़ियों को एनओसी देने के एवज में कर सकता है।


