पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर अभी नहीं चला जुर्माने का हंटर, PCB में इस बात को लेकर हो रही बहस
पीसीबी ने अभी पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर जुर्माने का हंटर नहीं चलाया है। सलमान अली आगा के नेतृत्व वाली पाकिस्तान टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 चरण से बाहर होना पड़ा।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन और सेमीफाइलन से पहले बाहर होने के बाद खिलाड़ियों पर आर्थिक दंड लगाने पर विचार कर रहा है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, खिलाड़ियों के पारिश्रमिक में तत्काल कटौती की खबरें सही नहीं हैं, लेकिन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण से बाहर होने के मद्देनजर कार्रवाई पर मंथन जारी है।
'PCB में इस बात को लेकर हो रही बहस'
सूत्र ने पीटीआई से कहा, "अभी इस पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन खिलाड़ियों पर वित्तीय जुर्माना लगाने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है।" उन्होंने हलांकि संभावित कार्रवाई के स्वरूप का खुलासा नहीं किया। उन्होंने बताया कि इस बात पर भी बहस हो रही है कि खिलाड़ियों को आर्थिक रूप से दंडित करना सही कदम होगा या नहीं। पाकिस्तान सेमीफाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहा। टीम को चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और इंग्लैंड जैसी बड़ी टीमों से हार का सामना करना पड़ा, जबकि सुपर आठ में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। सुपर आठ चरण के आखिरी मैच में श्रीलंका को हराने के बावजूद टीम अंतिम चार में नहीं पहुंच सकी।
'आम भावना यही है कि बहुत हो चुका'
सूत्र के मुताबिक खिलाड़ियों का प्रदर्शन न केवल पीसीबी बल्कि सरकार के प्रभावशाली हलकों को भी निराश कर गया है। उन्होंने कहा, ''आम भावना यही है कि अब बहुत हो चुका। इतने समर्थन के बावजूद खिलाड़ी बड़े टूर्नामेंटों में देश को निराश कर रहे हैं।'' टीम के खिलाड़ी भी चुपचाप छोटे-छोटे समूहों में श्रीलंका से स्वदेश लौटे। कप्तान सलमान अली आगा और स्टार बल्लेबाज बाबार आजम समेत कुछ खिलाड़ी सोमवार रात लाहौर पहुंचे। केंद्रीय अनुबंध वाले खिलाड़ियों को मासिक रिटेनर के अलावा मैच फीस, जीत बोनस और बोर्ड के टीम प्रायोजन सौदों में हिस्सेदारी भी मिलती है।
पाकिस्तानी दिग्गज टीम के प्रदर्शन से निराश
पाकिस्तान ने भले ही अपना टी20 विश्व कप अभियान जीत के साथ खत्म किया हो लेकिन टूर्नामेंट में टीम के प्रदर्शन से देश का क्रिकेट जगत बहुत निराश है। पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज जावेद मियांदाद ने कहा कि आपको अपने देश के क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन की छाप छोड़ने के लिए दो साल में एक मौका मिलता है और आप फिर से विफल हो जाते हैं। यह सब देखना बहुत निराशाजनक है। पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने कहा कि कुछ खिलाड़ियों को टी20 क्रिकेट में खुद को स्थापित करने के लिए बहुत ज्यादा मौके दिए गए और वे बड़े टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने में विफल रहे। पूर्व कप्तान मोइन खान ने कहा कि जब तक पाकिस्तान ऊंची रैंकिंग वाली टीमों को नहीं हरा पाता, तब तक वह कभी भी आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीत पाएगा।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय




