6 पारियों में 20 रन; इंग्लैंड में बेइज्जत हुआ पाकिस्तान, की 36 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी
पाकिस्तान का इंग्लैंड दौरा किसी बुरे सपने से कम नहीं बीत रहा है। पहले दो टेस्ट हारने के बाद बाबर आजम की टीम तीसरा टेस्ट हारने की कगार पर है। दूसरी पारी में भी उनके ओपनर खाता नहीं खोल पाए।

बाबर आजम की अगुवाई वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम ऐसा लग रहा है कि इंग्लैंड में क्रिकेट खेलने नहीं बल्कि बेइज्जत होने गई है। तीन मैच की सीरीज के पहले दो मुकाबले गंवाकर टीम पहले ही सीरीज गंवा चुकी है, अब एजबेस्टन में खेले जा रहे तीसरे और आखिरी मुकाबले में उनके पास लाज बचाने का एकमात्र मौका था। हालांकि वह इस मौके को भी गंवाती दिख रही है। पहले दो टेस्ट हारने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आधे दर्जन से ज्यादा खिलाड़ी स्क्वॉड में बदल दिए, यहां तक कोचिंग स्टाफ भी चेंज कर दिया। मगर पाकिस्तान का प्रदर्शन बद से बदतर होता जा रहा है। तीसरे टेस्ट की पहली पारी में पाकिस्तान की टीम मात्र 133 के स्कोर पर सिमट गई। दूसरी पारी में उनके ओपनर एक बार फिर खाता नहीं खोल पाए और दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान ने 52 के स्कोर पर 2 विकेट गंवाए। इस मैच में इंग्लैंड की टीम 268 रनों से आगे चल रही है क्योंकि उन्होंने पहली पारी में 453 रन बनाए थे।
'0, 0, 5, 7, 8, 0...'
ये किसी एक पाकिस्तानी बल्लेबाज का स्कोर नहीं है, बल्कि यह इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान की पार्टनरशिप है। जी हां, 6 पारियों में तीन बार पाकिस्तान ने पहला विकेट बिना खाता खोले खोया, वहीं तीन बार उनके ओपनर, 5,7 और 8 रन ही जोड़ी पाए। इसका मतलब यह है कि इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान की ओपनिंग पार्टनरशिप एक बार भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाई।
पाकिस्तान के ओपनर्स ने इंग्लैंड दौरे पर कुल 20 रन जोड़े, जो कम से कम 5 पारियों में पहले विकेट के लिए एक सीरीज में जोड़े गए सबसे कम रन है। पाकिस्तान ने इसी के साथ अपने 36 साल पुराने रिकॉर्ड की बारबरी कर ली है। 1990-91 में जब वेस्टइंडीज की टीम पाकिस्तान दौरे पर गई थी, तब भी पाकिस्तान के ओपनिंग बैटर पूरी सीरीज में 20 रन ही जोड़ पाए थे।
टेस्ट सीरीज में पहले विकेट के लिए किसी टीम द्वारा बनाए गए सबसे कम रन (कम से कम 5 स्टैंड)
20 - PAK vs WI, 1990/91 (होम)
20 - PAK vs ENG, 2026 (अवे)**
23 - SL vs ENG, 2006 (अवे)
27 - AUS vs IND, 1999/00 (होम)
27 - SL vs AUS, 2016 (होम)
इंग्लैंड के 5 बल्लेबाजों ने ठोकी फिफ्टी
पाकिस्तान को पहली पारी में 133 रनों पर ढेर करने के बाद मेजबान इंग्लैंड ने 453 रन बोर्ड पर लगाए, इस दौरान उनके 5 बल्लेबाज -एमिलियो गे, हैरी ब्रूक, डेन लॉरेंस, जेमी स्मिथ और ऑली रॉबिन्सन- ने फिफ्टी लगाई। पाकिस्तान के लिए इस दौरान रजाउल्लाह सबसे ज्यादा 4 विकेट निकालने में कामयाब रहे, जिन्होंने 23 ओवर में 148 रन खर्च किए। पाकिस्तान ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट गंवा दिए हैं। जिस तरह उनकी इस सीरीज में बल्लेबाजी रही है उसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि तीसरे दिन यह मैच समाप्त हो जाएगा।



