पाकिस्तान ने प्लेइंग इलेवन में किए 4 बदलाव, इंग्लैंड के खिलाफ तीन खिलाड़ियों ने किया डेब्यू
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने तीसरे टेस्ट में चार बदलाव किए हैं। सईम आयूब की वापसी हुई है, जबकि गाजी घोरी, मोहम्मद इमरान रंधावा और तेज गेंदबाज रजाउल्लाह ने डेब्यू किया है।

पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच के लिए प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं। कप्तान बाबर आजम ने टॉस के दौरान इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि एजबेस्टन में टीम ने चार बदलाव किए हैं। सईम आयूब की वापसी हुई है, जबकि तीन खिलाड़ी डेब्यू कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ इंग्लैंड ने कोई बदलाव नहीं किया है। जो रूट के नेतृत्व वाली टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ शुरुआती दोनों मुकाबले जीते हैं और सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई हुई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने लगातार दो मैच गंवाने के बाद अपनी टीम के सात खिलाड़ियों को वापस बुला लिया था और कोचों को भी पद से हटा दिया था। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
पाकिस्तान ने तीसरे मैच के लिए किए 4 बदलाव
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में खेले जा रहे तीसरे और आखिरी टेस्ट के लिए प्लेइंग इलेवन में चार बदलाव किए हैं। टीम में सईम आयूब की 2025 के बाद वापसी हो रही है। वहीं विकेटकीपर गाजी घोरी, ऑलराउंडर मोहम्मद इमरान रंधावा और तेज गेंदबाज रजाउल्लाह पाकिस्तान के लिए डेब्यू मैच खेलने उतरे हैं।
कप्तान बाबर आजम ने कहा ,''हमने कुछ बदलाव किये हैं और नये खिलाड़ियों के लिये यह अच्छा मौका है । बाहरी आवाजों पर हमारा जोर नहीं है और हमारा पूरा ध्यान इस मैच की तैयारी पर है ।''
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
पाकिस्तान प्लेइंग इलेवन: अज़ान अवैस, सैम अयूब, अब्दुल्ला शफीक, शान मसूद, बाबर आज़म (कप्तान), सऊद शकील, गाजी गोरी (विकेटकीपर), मोहम्मद इमरान रंधावा, रजाउल्लाह, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली
इंग्लैंड प्लेइंग इलेवन: बेन डकेट, एमिलियो गे, जॉर्डन कॉक्स, जो रूट (कप्तान), हैरी ब्रूक, डैन लॉरेंस, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), गस एटकिंसन, ओली रॉबिन्सन, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म ने कहा है कि लॉर्ड्स टेस्ट के बाद पाकिस्तान की टीम में जो बड़े बदलाव किए गए, उसके बारे में न तो उन्हें कोई जानकारी थी, न ही उनसे कोई राय ली गई और न ही उनकी मंज़ूरी ली गई। तीसरे मैच से पहले बाबर आजम ने माना कि इन बदलावों से वह भी उतने ही हैरान थे, जितने टीम से बाहर के लोग। उन्हें टीम में हुए बड़े बदलावों के बारे में तभी पता चला, जब आधिकारिक बयान जारी किया गया। बाबर ने कहा, "यह मेरे लिए भी नई खबर थी। मुझे बाद में पता चला। यह फैसला पीसीबी ने लिया है, इसलिए वही इसके बारे में बेहतर बता सकते हैं।



