
पाकिस्तान की टीम हुई वुमेंस वर्ल्ड कप 2025 से बाहर, इन 2 टीमों के लिए खत्म हो गया टूर्नामेंट
संक्षेप: बांग्लादेश के बाद पाकिस्तान की टीम भी वुमेंस वर्ल्ड कप 2025 से बाहर हो गई है। इस तरह अब तीन टीमों के बीच एक पायदान के लिए लड़ाई है, क्योंकि तीन टीमें पहले ही विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं।
ICC Womens Cricket World Cup 2025 के सेमीफाइनल की रेस से सबसे पहले बांग्लादेश की टीम बाहर हुई थी और अब एक और टीम का सफर टूर्नामेंट से समाप्त हो गया है। ये टीम कोई और नहीं, बल्कि पाकिस्तान की टीम है, जो अभी तक एक भी मैच इस टूर्नामेंट में नहीं जीत पाई है। इसी के साथ अब वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल की रेस से आधिकारिक तौर पर दो टीमें बाहर हो गई हैं। इनमें बांग्लादेश के बाद पाकिस्तान का नाम है। साउथ अफ्रीका से मिली हार के बाद तय हो गया कि पाकिस्तान की टीम टॉप 4 में प्रवेश नहीं कर पाएगी।

पाकिस्तान की टीम को बारिश से बाधित मैच में 150 रनों से करारी हार मिली। इसी हार के साथ पाकिस्तान की टीम का सेमीफाइनल में जाने का सपना टूट गया। 6 मैचों के बाद पाकिस्तान की टीम के खाते में 2 अंक हैं, लेकिन एक भी मैच पाकिस्तान की टीम नहीं जीती है। दोनों अंक दो मैच बारिश में धुल जाने के बाद मिले हैं। एक और मैच पाकिस्तान का बाकी है, लेकिन उस मैच का नतीजा सेमीफाइनल के समीकरण नहीं बिगाड़ेगा, क्योंकि श्रीलंका के खिलाफ वह मैच है, जिसमें श्रीलंका की टीम जीती तो उसको फायदा जरूर मिलेगा, लेकिन पाकिस्तान को सिर्फ 2 अंक ही मिलेंगे।
आपको बता दें, साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीम ने आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। अब इंडिया, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच एक पायदान के लिए लड़ाई है। 23 अक्टूबर को इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच मैच है, जिससे लगभग तय हो जाएगा कि चौथी टीम कौन सी होगी, क्योंकि भारत, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खाते में इस समय 4-4 अंक हैं। श्रीलंका की टीम ज्यादा से ज्यादा 6 अंक हासिल कर पाएगी, लेकिन भारत और न्यूजीलैंड की टीमें 8 अंकों तक पहुंच सकती हैं।
मैच की बात करें तो पाकिस्तान की टीम की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। हालांकि, साउथ अफ्रीका ने कप्तान लॉरा वालवार्ट (90), सुने लुस (61) और मारियाने काप (68) ने दमदार पारियां खेलकर टीम को 312 रनों तक पहुंचाया। पाकिस्तान की टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो बारिश ने जमकर खेल खराब किया। बाद में मैच को छोटा किया गया और डीएलएस के हिसाब से पाकिस्तान को 20 ओवर में 234 रनों का टारगेट मिला, लेकिन पाकिस्तान की टीम सिर्फ 83 रन ही बना सकी और मुकाबला 150 रनों के अंतर से हार गई।






