ICC ने काटी पाकिस्तानी खिलाड़ियों की आधी मैच फीस, साथ में दी एक और कड़ी सजा; जानिए क्या है वजह?
पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड में 3 मैचों की टेस्ट सीरीज बुरी तरह हारी। इस बीच विवाद भी खूब हुए, लेकिन अब आईसीसी ने पाकिस्तान की पूरी टीम पर जुर्माना ठोका है। इसके अलावा एक और सजा भी दी है।

पाकिस्तान की टीम पिछले महीने इंग्लैंड के दौरे पर गई थी, जहां उन्हें 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी थी। माना जा रहा था कि पाकिस्तान की टीम मेजबानों को कड़ी टक्कर देगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पहली पांच पारियों में तो टीम 200 तक भी नहीं पहुंच पाई। आखिरी पारी में जरूर कुछ रन बनाए, लेकिन फिर भी 3 मैचों की सीरीज 3-0 से हारकर टीम अपने देश लौटी है, लेकिन इस बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने पाकिस्तान की पूरी टीम पर भारी जुर्माना लगाया है। इसके अलावा एक और कड़ी सजा भी पाकिस्तान को दी गई है।
दरअसल, पाकिस्तान की टीम पर बर्मिंघम टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ स्लो ओवर रेट की वजह से जुर्माना लगा है। आईसीसी ने सभी खिलाड़ियों की 50-50 फीसदी मैच फीस काट ली है। इसके अलावा पाकिस्तान के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी डब्ल्यूटीसी के पॉइंट्स और पर्सेंटेज भी काट ली गई है। एजबेस्टन टेस्ट में इंग्लैंड ने 8 विकेट से जीत दर्ज की। दोनों पारियों को मिलाकर पाकिस्तान ने कुल 11 ओवर शॉर्ट किए। निर्धारित समय पर ओवर नहीं फेंक पाने की वजह से स्लो ओवर रेट के लिए पाकिस्तान को सजा मिली।
पाकिस्तान को मिली दोहरी सजा
पाकिस्तान की टीम के सभी खिलाड़ियों पर 50-59 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगा है और साथ ही साथ 11 पॉइंट्स भी डब्ल्यूटीसी से उनके काट लिए गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच से पहले पाकिस्तान के कुल 16 पॉइंट्स थे और जीत प्रतिशत 14.810 था, लेकिन आईसीसी से मिली सजा के बाद पॉइंट्स घटकर 5 रह गए हैं, जबकि जीत प्रतिशत महज 4.63 का रह गया है। पाकिस्तान पहले से ही विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंकतालिका में सबसे आखिरी पायदान पर था। अब इस सजा के बाद हालात और भी ज्यादा खराब हो गई है।
ICC के प्लेयर्स और प्लेयर सपोर्ट स्टाफ के लिए कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के अनुसार, जो मिनिमम ओवर-रेट अपराधों से जुड़ा है, प्लेयर्स पर उनकी टीम द्वारा तय समय में हर ओवर कम फेंकने पर मैच फीस का पांच परसेंट जुर्माना लगाया जाता है और ज्यादा से ज्यादा जुर्माना मैच फीस का 50 परसेंट तक सीमित है। इसके अलावा ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप खेलने की शर्तों के आर्टिकल 16.11.2 के अनुसार, एक टीम पर हर ओवर कम होने पर एक पॉइंट का जुर्माना लगाया जाता है। इसलिए, पाकिस्तान के कुल पॉइंट्स में से 11 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स काट लिए गए हैं।



