PSL 2027 कब से कब तक होगा? पाकिस्तान ने किया तारीख का ऐलान, IPL से फिर होगा टकराव
पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2027 कब से कब तक खेला जाएगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तारीखों की घोषणा कर दी है। पीएसएल के 12वें सीजन का इंंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के शेड्यूल से टकराव होगा।

पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का 12वां सीजन अगले साल मार्च-मई में आयोजित होगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने गुरुवार को पीएसएल 2027 की तारीखों का ऐलान किया। पीएसएल की शुरुआत 18 मार्च को होगी जबकि फाइनल मुकाबले 2 मई को खेला जाएगा। पाकिस्तान के क्रिकेट टूर्नामेंट में आठ टीमें हिस्सा लेंगी। पीएसएल में पहली बार पिछले सीजन में आठ टीम उतरीं थीं। बाबर आजम की कप्तानी वाली पेशावर जाल्मी ने हैदराबाद किंग्समैन को हराकर पीएसएल 2026 का खिताद जीता था।
PSL का IPL से फिर होगा टकराव
पीसीबी के अनुसार, एक सितंबर को लंदन में पीएसएल गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग में आठ फ्रेंचाइजी के मालिकों और प्रतिनिधियों के साथ सलाह-मशविरे के बाद आगामी सीजन के लिए मार्च-मई की विंडो को फाइनल किया गया। पीएसएल का फिर से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के शेड्यूल से टकराव होना तय है। पीएलएस का पिछला सीजन 26 मार्च से 3 मई तक खेला गया था। वहीं, आईपीएल 2026 का आयोजन 28 मार्च से 31 मई तक हुआ था। आईपीएल दुनिया की सबसे अमीर और सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग है। आईपीएल का आयोजन मार्च-मई की विंडो में होता है। आपीएल की ब्रांड वैल्यू पीएसएल से कई गुना ज्यादा है, जिससे पाकिस्तान को फिर नुकसान उठाना पड़ सकता है। आईपीएल के साथ टकराव के कारण पीएसएल को सीमित विज्ञापन और सपॉन्सरशिप मिलने की चर्चा रही है। आईपीएल और पीएसएल के सीजन में टकराव होने पर कई विदेशी खिलाड़ी भारतीय लीग में खेलने को प्राथमिकता देते हैं।
चेयरमैन मोहसिन नकवी ने क्या कहा?
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कहा, ''पीएसएल के 11वें सीजन ने दुनिया को दिखाया कि यह लीग क्या कर सकती है। ऐसे रोमांचक पल रहे जिन्होंने पूरे देश को हैरान कर दिया, रिकॉर्ड भीड़, रिकॉर्ड ब्रॉडकास्ट। पीएसएल का 12वां सीजन इस लेवल को और ऊपर ले जाएगा। हम एक और शानदार सीजन का आयोजन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और सभी आठ फ्रेंचाइजी को एक बार फिर ट्रॉफी के लिए मुकाबला करते देखने का इंतजार कर रहे हैं।'' पीएसएल के सीईओ सलमान नसीर ने कहा, ''पिछले सीजन ने लोगों की इस लीग से उम्मीदें बदल दीं और हम 2027 में उन सभी उम्मीदों को पूरा करने का इरादा रखते हैं। आज की घोषणा सिर्फ पहला कदम है, डायरेक्ट साइनिंग, रिटेंशन, ट्रेड विंडो और ऑक्शन, ये सभी आने वाले महीनों में एक्साइटमेंट लाएंगे। आठ टीमेंऔर बेहतर करने के लिए बेताब हैं। पाकिस्तान और दुनिया भर में लाखों फैंस आगामी सीजन का इंतजार कर रहे हैं। नए दौर का आगाज हो चुका है।''
पीएसएल में हिस्सा लेने वाली आठ टीमें: पेशावर जल्मी, हैदराबाद किंग्समेन, इस्लामाबाद यूनाइटेड, कराची किंग्स, लाहौर कलंदर्स, मुल्तान सुल्तांस, क्वेटा ग्लैडिएटर्स और रावलपिंडी।



