
T20 World Cup में पाकिस्तान के खेलने पर संशय, सिलेक्टर बोला- हमारा काम टीम चुनना है
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की सिलेक्शन कमिटी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान जरूर कर दिया है, लेकिन टीम के इस मेगा इवेंट में खेलने पर संशय है। ये बात सिलेक्शन कमिटी के सदस्य ने कही है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी की सिलेक्शन कमिटी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान जरूर कर दिया है, लेकिन टीम के इस मेगा इवेंट में खेलने पर संशय है। इसके पीछे का कारण है कि पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ खड़ा हुआ था और पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने भी बयान दिया था कि सरकार अगर फैसला करेगी तो पाकिस्तान की टीम टी20 विश्व कप में नहीं खेलेगी। इस पर टीम के कोच का भी बयान सामने आ गया है। उन्होंने कहा है कि हमारा काम टीम चुनने का था। पार्टिसिपेशन पर फैसला सरकार को करना है।
पीसीबी के हाई परफॉर्मेंस सेंटर के डायरेक्टर और नेशनल टीम सिलेक्शन कमिटी के सदस्य आकिब जावेद, व्हाइट बॉल कोच माइक हेसन ने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में स्क्वॉड सिलेक्शन को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आकिब जावेद ने कहा कि भले ही पाकिस्तान की T20 वर्ल्ड कप टीम की घोषणा हो गई है, लेकिन अभी भी भागीदारी 100 फीसदी निश्चित नहीं है। आकिब जावेद ने चेयरमैन मोहसिन नकवी की ही बात को एक तरह से दोहराया है।
टीम की घोषणा के बाद आकिब जावेद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक सवाल के जवाब में कहा, "हम सिलेक्टर हैं। हमारा काम टीम चुनना है। हमने डेडलाइन के बहुत करीब टीम की घोषणा की है। सरकार हमारे हिस्सा लेने पर फैसला करेगी, इसलिए मैं इस बारे में कुछ नहीं कह सकता। चेयरमैन ने भी यही कहा है, इसलिए हम उनके फैसले का इंतजार करेंगे।" कोच के इस बयान से पता चलता है कि कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। बांग्लादेश को अपने स्टैंड पर अड़े रहने के लिए बाहर होना पड़ा है, जबकि पाकिस्तान की टीम तो श्रीलंका में टूर्नामेंट के अपने सभी मैच खेलने वाली है। ऐसे में अगर उसे दिक्कत है तो आईसीसी से कड़ी सजा उन्हें मिल सकती है।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान टीम
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेट कीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेट कीपर), सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेट कीपर) और उस्मान तारिक।






