बीच इंग्लैंड दौरे से 7 खिलाड़ियों को बाहर करने पर पाकिस्तान के कोच ने तोड़ी चुप्पी, बोले- असल में…

लाइव हिन्दुस्तान, कराची, भाषा
Follow us on Google News
share

माइक हेसन ने कहा कि मोहम्मद रिजवान, सलमान आगा और इमाम-उल-हक जैसे सीनियर खिलाड़ियों को टेस्ट टीम से बाहर करने के फैसले से उनका कोई लेना देना नहीं है। उन्हें सिर्फ तीसरे टेस्ट के लिए बुलाया गया है।

Salman Ali Agha and Mike Hesson
सलमान अली आगा और माइक हेसन

पाकिस्तान की टेस्ट टीम के अंतरिम मुख्य कोच माइक हेसन ने कहा कि मोहम्मद रिजवान, सलमान आगा और इमाम-उल-हक जैसे सीनियर खिलाड़ियों को टेस्ट टीम से बाहर करने के फैसले से उनका कोई लेना देना नहीं है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैच में बड़ी हार के बाद यह फैसला किया था। पहले टेस्ट में पाकिस्तान को पारी से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद दूसरे टेस्ट में उसे 194 रन से करारी हार मिली। इसके बाद सात खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर दिया गया और मुख्य कोच सरफराज अहमद को बर्खास्त कर दिया गया।

पाकिस्तान की सीमित ओवरों की टीम के मुख्य कोच हेसन को इसके बाद नौ सितंबर से बर्मिंघम में शुरू होने वाले तीसरे और अंतिम टेस्ट के लिए मुख्य कोच की जिम्मेदारी निभाने के लिए कहा गया।

हेसन ने बर्मिंघम में एक मीडिया कॉन्फ्रेंस में कहा, ''जब उन्होंने (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) मुझे अंतिम टेस्ट मैच के लिए जिम्मेदारी सौंपी तो इन तीनों खिलाड़ियों (रिजवान, आगा और इमाम) को पहले ही टीम से बाहर कर दिया गया था। इसलिए वास्तव में मुझे कुछ भी पता नहीं है कि असल में क्या हुआ था।''

उन्होंने कहा, ''लाहौर में हमारा पहले से ही सीमित ओवरों की टीम का शिविर चल रहा था। मैं जापान से लौटा ही था जहां एशियाई खेल होंगे। इसके बाद मुझे टेस्ट टीम का प्रबंधन करने के लिए कहा गया।''

हेसन ने कहा, ''मैंने टीम में संतुलन लाने के लिए कुछ बदलाव करने का फैसला किया है और मैं ऐसा गेंदबाजी आक्रमण चाहता हूं जिसमें विविधता हो और जिसमें कुछ ऑलराउंडर हों।''

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का सफाई अभियान

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इंग्लैंड के दौर में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद प्रबंधन में व्यापक बदलाव करने के लिए 'सफाई अभियान' चलाया है जिसमें पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और चयनकर्ता आकिब जावेद को राष्ट्रीय चयन समिति से हटाए जाने की संभावना है। पीसीबी के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया, ''आकिब को संभवतः लाहौर स्थित हाई परफॉर्मेंस सेंटर में विकास निदेशक के रूप में अपनी भूमिका पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा जाएगा।''

उन्होंने दावा किया कि रिजवान, इमाम और सलमान को वापस भेजना पीसीबी की योजना का हिस्सा था, जिसमें पहले दो खिलाड़ियों को न केवल खराब फॉर्म बल्कि ड्रेसिंग रूम में उनके व्यवहार के कारण भी टीम से बाहर किया गया था।

सूत्र ने बताया, ''बाकी खिलाड़ियों को टेस्ट टीम के अंतरिम मुख्य कोच माइक हेसन की सिफारिश पर वापस भेजा गया, जो कुछ ऐसे खिलाड़ियों को आजमाना चाहते थे जिनके साथ उन्होंने सीमित ओवरों की टीम के लिए लगाए गए शिविर में काम किया था।''

सूत्रों ने दावा किया कि पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी 'सफाई अभियान' के लिए उत्सुक थे और अब चयन समिति में बदलाव किया जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार एक अन्य चयनकर्ता पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने पहले ही पद छोड़ने की पेशकश कर दी है।

सूत्र ने बताया, ''इंग्लैंड दौरे के बाद एक नई चयन समिति की घोषणा की जा सकती है।''

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़असल में…बीच इंग्लैंड दौरे से 7 खिलाड़ी बाहर करने पर PAK कोच ने तोड़ी चुप्पी