
बाबर आजम ने डेढ़ साल बाद T20I क्रिकेट में जड़ा अर्धशतक, पाकिस्तान को जिताई सीरीज
बाबर आजम ने करीब डेढ़ साल बाद T20I क्रिकेट में शतक जड़ा है। उन्होंने पाकिस्तान को साउथ अफ्रीका को 3 मैचों की टी20 सीरीज में जीत दिलाई। पहला मैच पाकिस्तान की टीम बुरी तरह से हारी थी। इसके बाद दोनों मैच जीते हैं।
बाबर आजम की वापसी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में लंबे समय के बाद हुई थी। हालांकि, तीन मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत उनके लिए अच्छी नहीं रही। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में उनका खाता नहीं खुला, जबकि दूसरे मैच में सिर्फ 11 रन उन्होंने बनाए। हालांकि, उस मैच में वे नाबाद रहे। तीसरे मैच में उन्होंने कमाल की पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। करीब डेढ़ साल से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उन्होंने अर्धशतक नहीं जड़ा था। अब आकर इस सूखे को बाबर ने समाप्त किया है। पाकिस्तान को इस मैच में 4 विकेट से जीत मिली।

बाबर आजम ने 47 गेंदों में 68 रनों की पारी लाहौर में खेले गए तीसरे टी20 मैच में खेली। इस पारी में उन्होंने 9 चौके जड़े। पाकिस्तान की टीम के सामने जीत के लिए 140 रनों का ही लक्ष्य था। ऐसे में उन्होंने सधी हुई पारी खेली और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। बाबर आजम के लिए ये पारी अहम थी, क्योंकि उनकी वापसी अच्छी नहीं थी। अगर वे एक बार और फेल हो जाते तो फिर उनका पत्ता टीम से कट सकता था। बाबर ने मौके पर चौका मारा और टीम के लिए संकटमोचक की तरह काम किया।
इस मुकाबले की बात करें तो पाकिस्तान की टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। कप्तान का ये फैसला सही साबित हुआ, क्योंकि दूसरी गेंद पर ही पहला विकेट पाकिस्तान को मिल गया था। साउथ अफ्रीका के लिए रीजा हेंड्रिक्स ने 34, कोर्बिन बोस ने 30, डोनोवैन फरेरा ने 29, डेवाल्ड ब्रेविस ने 21 रनों की पारी खेली। साउथ अफ्रीका के कई बल्लेबाजों को शुरुआत मिली, लेकिन कोई बड़ी और तेजतर्रार पारी नहीं खेल पाया। यही वजह रही कि साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 139 रन बना पाई।
पाकिस्तान की ओर से 3 विकेट शाहीन अफरीदी को मिले, जबकि 2-2 विकेट फहीम अशरफ और उस्मान तारिक को मिले। वहीं, 140 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने 6 विकेट जरूर खोए, लेकिन लक्ष्य 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया। बाबर ने 68 रन बनाए और 33 रनों की पारी कप्तान सलमान अली आगा ने खेली। साउथ अफ्रीका के लिए 2-2 विकेट कोर्बिन बोस और लिजाड विलियम्स ने लिए। बाबर आजम इस मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रहे और 6 विकेट सीरीज में चटकाने के लिए फहीम अशरफ प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे।






