पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा की होगी छुट्टी, बाबर आजम का तो करियर हो खत्म हो जाएगा!
पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा को मौजूदा आईसीसी पुरूष टी20 विश्व कप में टीम के अभियान के बाद अपने पद से हटा दिया जायेगा। आगा के अलावा टीम के कुछ अन्य अनुभवी खिलाड़ियों के लिए यह आखिरी टी20 टूर्नामेंट हो सकता है।

पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा को मौजूदा आईसीसी पुरूष टी20 विश्व कप में टीम के अभियान के बाद अपने पद से हटा दिया जायेगा।
आगा के अलावा टीम के कुछ अन्य अनुभवी खिलाड़ियों के लिए यह आखिरी टी20 टूर्नामेंट हो सकता है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के एक विश्वसनीय सूत्र के अनुसार अध्यक्ष मोहसिन नकवी इस वैश्विक आयोजन में टीम के प्रदर्शन से ‘असंतुष्ट’ हैं।
सूत्र ने शनिवार को बताया, ‘नकवी बिल्कुल भी खुश नहीं हैं, क्योंकि इस बार उन्हें चयनकर्ताओं, टीम प्रबंधन और बोर्ड में उनके करीबी सहयोगियों ने भरोसा दिलाया था कि टीम विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करेगी।’
सूत्र के मुताबिक, नकवी ने आगा को टी20 कप्तानी से हटाने का मन बना लिया है। इसके साथ ही वह मुख्य कोच माइक हेसन और चयनकर्ताओं के साथ कुछ खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर स्पष्ट चर्चा करेंगे।
सूत्र ने कहा, ‘सलमान के अलावा बाबर आजम, उस्मान खान और कुछ अन्य खिलाड़ियों के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर भी विश्व कप के बाद पर्दा गिर सकता है।’
कप्तानी की दौड़ में शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी के नामों पर विचार किया जा रहा है।
सूत्र ने यह भी बताया कि विश्व कप से पहले ही हेसन ने नकवी को संकेत दे दिया था कि टूर्नामेंट के बाद पाकिस्तान को कुछ युवा खिलाड़ियों को टीम में शामिल कर उन्हें स्थापित करना होगा और आधुनिक टी20 क्रिकेट की आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ना होगा।
सूत्र ने कहा, ‘ऐसे में विश्व कप के बाद पाकिस्तान की टी20 टीम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।’
टी20 अंतरराष्ट्रीय में 145 मैचों का अनुभव रखने वाले बाबर के बारे में भी कयास लगाए जा रहे हैं कि पाकिस्तान की टीम अगर सेमीफाइनल में पहुंचने में नाकाम रही तो श्रीलंका के खिलाफ सुपर आठ चरण का मैच उनके करियर का आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय साबित होगा।
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच शनिवार के मुकाबले से तय होगा कि पाकिस्तानी टीम विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच पाएगी या नहीं। अंतिम 4 में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को सिर्फ ये मैच जीतना काफी नहीं होगा, बल्कि बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी। ग्रुप 2 से इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुका है। इस ग्रुप से सेमीफाइनल के दूसरे स्लॉट के लिए न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच टक्कर है।
अगर सलमान अली आगा की अगुआई वाली टीम श्रीलंका को बड़े अंतर से नहीं हरा पाती है तो नेट रनरेट के आधार पर न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। अगर पाकिस्तान ये मैच हार जाता है तब विश्व कप में उसका अभियान यही पर खत्म हो जाएगा। श्रीलंका की टीम पहले ही सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है, लिहाजा अपने आखिरी सुपर 8 मैच में उसकी कोशिश जीत के जरिए सम्मानजनक विदाई पर होगी।
लेखक के बारे में
Chandra Prakash Pandeyचन्द्र प्रकाश पाण्डेय, असिस्टेंट एडिटर
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।
और पढ़ें



