भारत के ग्रुप से पाकिस्तान भी पहुंचा वुमेंस एशिया कप के सेमीफाइनल में, अब तक 3 टीमें हुई हैं फाइनल
भारत के ग्रुप से पाकिस्तान भी वुमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंच गया है। पाकिस्तान ने अपने आखिरी लीग मैच में हॉन्ग कॉन्ग को बुरी तरह हराया है। इस तरह अब तक 3 टीमें सेमीफाइनल के लिए फाइनल हो गई हैं।

Women's Asia Cup 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली तीसरी टीम का ऐलान भी हो गया है। ये टीम कोई और नहीं, बल्कि पाकिस्तान की टीम है, जो भारत के ग्रुप से सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने में सफल हुई है। हालांकि, टीम इंडिया से शर्मनाक हार मिलने के बाद उसके चांस सेमीफाइनल में पहुंचने के कम हो गए थे, लेकिन हॉन्ग कॉन्ग चीन को बुरी तरह से हराकर पाकिस्तान ने भी टॉप 4 में एंट्री कर ली, लेकिन इंडिया और पाकिस्तान के बीच सेमीफाइनल नहीं होगा। दोनों के सेमीफाइनल अलग-अलग टीमों से होंगे।
दुबई में जारी वुमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल्स में सबसे पहले टीम इंडिया ने एंट्री की थी। ग्रुप ए से भारत ने टॉप 4 में सबसे पहले जगह बनाई थी, जबकि ग्रुप बी से श्रीलंका की टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। वहीं, सोमवार 7 सितंबर की रात को पाकिस्तान ने भी टॉप 4 में जगह बना ली। पाकिस्तान की टक्कर अब सेमीफाइनल में श्रीलंका से होगी, जो ग्रुप बी की टॉपर है। वहीं, पाकिस्तान की टीम ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर लीग फेज के बाद रही है। ऐसे में दोनों के बीच दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर को खेला जाएगा।
पाकिस्तान ने हॉन्ग कॉन्ग को हराया
पाकिस्तान की टीम ने अपने आखिरी लीग मैच में हॉन्ग कॉन्ग चीन के खिलाफ 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 143 रन बनाए थे। यही टीम महज 55 रनों पर भारत के खिलाफ ऑलआउट हो गई थी। पाकिस्तान ने 144 रनों का टारगेट हॉन्ग कॉन्ग को दिया था, लेकिन चीन की कमजोर टीम 19 ओवर में 71 रनों तक ही पहुंच पाई और मुकाबला 72 रनों से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। हॉन्ग कॉन्ग की टीम को इस टूर्नामेंट में भी जीत नसीब नहीं हुई। ग्रुप ए से थाइलैंड ने जरूर एक मैच जीता, जो हॉन्ग कॉन्ग के ही खिलाफ आया था।
ग्रुप बी की बात करें तो वहां से अभी एक और टीम को सेमीफाइनल में जगह मिलनी है। लीग फेज का आखिरी मैच बांग्लादेश और मेजबान यूएई के बीच आज यानी मंगलवार 8 सितंबर को खेला जाना है। इस मैच को जो टीम जीतेगी, उसे सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला वर्चुअल क्वार्टर फाइनल की तरह है। दोनों ही टीमों को श्रीलंका से हार मिली है, जबकि दोनों ने इंडोनेशिया को हराया हुआ है। जीतने वाली टीम को पहले सेमीफाइनल में 10 सितंबर को टीम इंडिया से भिड़ना है। ये भी एक चुनौती है।



