
दक्षिण अफ्रीका का पलटवार, पाकिस्तान को 8 विकेट से रौंदकर सीरीज की बराबर; डिकॉक का शतक
दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में 8 विकेट से एकतरफा और शानदार जीत दर्ज करते हुए तीन मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया है। डिकॉक ने 119 गेंद में नाबाद 123 रन बनाए।
दक्षिण अफ्रीका ने गुरुवार को पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए एकतरफा मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट से आसान जीत दर्ज की। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। पाकिस्तान ने पहला मैच दो विकेट से जीता था। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 269 रन बनाए। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक की शतकीय पारी की बदौलत 59 गेंद शेष रहते मैच अपने नाम किया। पाकिस्तान की ओर से वसीम और फहीम को 1-1 विकेट मिला। कप्तान शाहीन अफरीदी को सफलता नहीं मिली।
270 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफ्रीका की टीम डिकॉक और प्रीटोरियस ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 71 गेंद में 81 रन की साझेदारी हुई। प्रीटोरियस ने 40 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का लगाया। टोनी जॉर्जी 63 गेंद में 76 रन बनाकर आउट हुए। पारी में उन्होंने 9 चौके और तीन छक्के जड़े। विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने 119 गेंदों में 8 चौके और सात छक्के की मदद से 123 रन बनाए। ब्रीट्जके ने 21 गेंद में 17 रन की पारी खेली। पाकिस्तान के लिए फहीम अशरफ ने एक और वसीम जूनियर ने एक विकेट लिया।
इससे पहले पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। टीम के सलामी बल्लेबाज फखर जमां बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। पूर्व कप्तान बाबर आजम भी ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सके और 11 रन बनाकर आउट हुए। विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने 4 रन बनाए। सैम आयूब 66 गेंद में 53 रन बनाकर आउट हुए। तलत 20 गेंद में 10 रन ही बना सके। सलमान आगा ने 105 गेंद में 69 रन की पारी खेली। फहीम अशरफ ने 18 गेंद में 28 रन बनाए। कप्तान शाहीन अफरीदी एक रन ही बना सके। मोहम्मद नवाज ने 59 गेंद में 59 रन बनाए। अफ्रीका की ओर से नांद्रे बर्गर ने 4, पीटर ने तीन और बॉश ने दो विकेट लिए।






