
टी20 के बाद पाकिस्तान ने वनडे सीरीज भी जीती, तीसरे वनडे में दक्षिण अफ्रीका का हुआ बुरा हाल
संक्षेप: पाकिस्तान ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीती। पाकिस्तान ने तीसरे और अंतिम मुकाबले में अफ्रीका को लो-स्कोरिंग मुकाबले में सात विकेट से मात दी।
पाकिस्तान ने शनिवार को तीसरे और अंतिम वनडे में दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम की। लेग स्पिनर अबरार अहमद ने 27 रन देकर चार विकेट झटकते हुए करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की। दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान दौरे पर सभी प्रारूप में लगातार सात टॉस गंवाने के बाद पहला टॉस जीता लेकिन पूरी टीम 37.5 ओवर में 143 रन पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका ने अपने आखिरी आठ विकेट सिर्फ 37 रन पर गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज सैम अयूब ने इसके बाद 11 चौके और एक छक्के की मदद से 77 रन की आक्रामक पारी खेली जिससे पाकिस्तान ने सिर्फ 25.1 ओवर में तीन विकेट पर 144 रन बनाकर सीरीज जीत ली।

पाकिस्तान ने पहला मैच दो विकेट से जीता था और दक्षिण अफ्रीका ने क्विंटन डी कॉक के नाबाद शतक की मदद से वापसी करते हुए फैसलाबाद में दूसरा मैच आठ विकेट से जीता था। दक्षिण अफ्रीका ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर की। लेकिन पाकिस्तान ने लाहौर में लगातार दो जीत के साथ टी20 सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से हरा दिया था।
144 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज फखर जमां बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। सलामी बल्लेबाज सैम आयूब ने 70 गेंद में 77 रन की दमदार पारी खेली। वहीं पूर्व कप्तान बाबर आजम 32 गेंद में 27 रन ही बना सके। वह रन आउट हुए। मोहम्मद रिजवान 32 और सलमान आगा पांच रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से बर्गर और जोर्न ने 1-1 विकेट लिया।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका की टीम को प्रीटोरियस और क्विंटन डिकॉक ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी हुई। प्रीटोरियस 45 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अफ्रीका का पहला विकेट गिरने के बाद लगातार अंतराल पर विकेट गिरे। टीम ने अगले नौ विकेट सिर्फ 71 रन के अंदर गंवा दिए। क्विंटन डिकॉक 70 गेंद में 53 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अफ्रीका के 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। पाकिस्तान के लिए अबरार अहमद ने 4, सलमान और नवाज ने 2-2 विकेट लिए।






