बाबर आजम ने पूरे किए 15000 इंटरनेशनल रन, सबसे कम पारियों में हासिल किया ये मुकाम

बाबर आजम ने पूरे किए 15000 इंटरनेशनल रन, सबसे कम पारियों में हासिल किया ये मुकाम

संक्षेप:

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज बाबर आजम ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 15,000 रन पूरे करके एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह ऐसा करने वाले पांचवें पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए हैं।

Nov 09, 2025 04:00 pm ISTHimanshu Singh लाइव हिन्दुस्तान
share

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी वनडे के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट में 15000 रन पूरे किए। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह पाकिस्तान के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं, लेकिन सबसे खास बात यह है कि उन्होंने यह मुकाम पाकिस्तान के अन्य बल्लेबाजों के मुकाबले सबसे कम पारियों में हासिल किया है। बाबर के अलावा इंजमाम-उल-हक, यूनिस खान, मोहम्मद यूसुफ और जावेद मियांदाद पाकिस्तान के लिए ये कारनामा कर चुके हैं। बाबर आजम को उनकी निरंतरता और तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी20) में शानदार प्रदर्शन के लिए जाना जाता है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बाबर आजम ने ये कारनामा महज 370 पारियों में किया है, जबकि पाकिस्तान के बाकी चारों महान बल्लेबाजों को यह आंकड़ा छूने के लिए 400 से 550 के बीच पारियां खेलनी पड़ी थीं। बाबर आजम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में 32 गेंद में 27 रन की पारी खेली। हालांकि वह तीन रन लेने के प्रयास में रन आउट हो गए। 329 मैचों में बाबर ने 45.46 की औसत से 15004 रन बनाए हैं, जिसमें 31 शतक और 104 अर्धशतक शामिल हैं, उनका बेस्ट स्कोर 196 है।

दक्षिण अफ्रीका को 37.5 ओवर में 143 रन के स्कोर पर समेटने के बाद पाकिस्तान ने 25.1 ओवर में तीन विकेट पर 144 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहले ही ओवर में फखर जमान (शून्य) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये बाबर आजम ने सैम अयूब के साथ दूसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़े। इसी दौरान 11वें ओवर में बाबर आजम (27) रनआउट होकर पवेलियन लौट गये। मोहम्मद रिजवान ने सैम अयूब के साथ 65 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

24वें ओवर की चौथी गेंद पर ब्योर्न फोर्टेन ने सैम अयूब का शिकार कर लिया। सैम अयूब ने 70 गेंदों में 11 चौके और एक छक्का लगाते हुए 77 रनों की शानदार पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका के लिए नांद्रे बर्गर और ब्योर्न फोर्टेन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। अबरार अहमद 'प्लेयर ऑफ द मैच' और क्विंटन डी कॉक को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज से नवाजा गया।

read moreये भी पढ़ें:
न्यूजीलैंड ने रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज को रौंदा, सीरीज में 2-1 से आगे

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। क्विंटन डी कॉक और लुआन-द्रे प्रेटोरियस ने पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े। 15वें ओवर में आगा सलमान ने लुआन-द्रे प्रेटोरियस (39) को आउटकर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। विकेट के रूप में दूसरे टोनी डीजॉर्जी (दो) भी सलमान का शिकार बने। 26वें ओवर में मोहम्मद नवाज ने क्विंटन डी कॉक (53) आउटकर दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका दिया।

इसके बाद पाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण के आगे दक्षिण अफ्रीका का कोई भी बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सका। दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 37.5 ओवर में 143 के स्कोर पर सिमट गई। कप्तान मैथ्यू ब्रीत्जके (16) और एन पीटर 16 रन बनाकर आउट हुये। पाकिस्तान के लिए अबरार अहमद ने 27 रन देकर चार विकेट लिये। शाहीन शाह अफरीदी, मोहम्मद नवाज और आगा सलमान को दो-दो विकेट मिले।

Himanshu Singh

लेखक के बारे में

Himanshu Singh
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। इसके बाद 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ बतौर सीनियर कंटेंट राइटर अपनी पारी शुरू की। अपने करियर के दौरान हिमांशु ने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, आईपीएल, क्रिकेट वर्ल्ड कप जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |