
PAK vs SA: बाबर आजम ने WTC में लगाई छलांग, फिफ्टी से चूकने के बावजूद जैक क्रॉली को पछाड़ा
संक्षेप: PAK vs SA 1st Test: पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम साउथ अफ्रीका के खिलाफ लाहौर टेस्ट की दूसरी पारी में फिफ्टी से चूक गए। हालांकि, वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में छलांग लगाने में कामयाब रहे।
पाकिस्तान वर्सेस साउथ अफ्रीका पहला टेस्ट लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जा रहा है। मंगलवार को मैच के तीसरे दिन पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम अच्छे टच में नजर आए। उन्होंने टिककर बैटिंग की मगर फिफ्टी से चूक गए। उन्होंने दूसरी पारी में 72 गेंदों का सामना करने के बाद 42 रन जुटाए, जिसमें पांच चौके शामिल हैं। बाबर को तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। हालांकि, उन्होंने फिफ्टी से चूकने के बावजूद एक कारनामा किया है। बाबर ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में छलांग लगाई है।

बाबर डब्ल्यूटीसी लिस्ट में आठवें से सातवें पायदान पर पहुंच गए हैं। उनके खाते में फिलहाल डब्ल्यूटीसी में 37 टेस्ट मैचों में 3063 रन हैं। उन्होंने इंग्लैंड के बल्लेबाज जैक क्रॉली को पछाड़ा है। क्रॉली ने 52 टेस्ट में 3041 रन बटोरे हैं। बाबर डब्ल्यूटीसी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले एशियन बल्लेबाज हैं। वह लाहौर टेस्ट की पहली पारी में 23 रन बनाने के दौरान तीन हजारी बने थे। उन्होंने लंबे समय से पाकिस्तान के लिए शतक नहीं लगाया।
डब्ल्यूटीसी इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट के नाम है। उन्होंने अब तक 60 टेस्ट में 6080 रन बटोरे हैं। रूट अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज सीरीज में दमखम दिखाते हुए नजर आएंगे, जिसका आगाज 21 नवंबर से पर्थ में होगा। बता दें कि आईसीसी ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत साल 2019 में की थी।
WTC इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
6080 - जो रूट (इंग्लैंड)
4278 - स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया)
4225 - मार्नस लाबुशेन (ऑस्ट्रेलिया)
3616 - बेन स्टोक्स (इंग्लैंड)
3300 - ट्रैविस हेड (ऑस्ट्रेलिया)
3288 - उस्मान ख्वाजा (ऑस्ट्रेलिया)
3063 - बाबर आजम (पाकिस्तान)
3041- जैक क्रॉली (इंग्लैंड)
डब्ल्यूटीसी में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की टॉप-10 लिस्ट में शुभमन गिल एकमात्र भारतीय है। वह दसवें नंबर पर हैं। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान गिल ने अब तक 39 टेस्ट में 2839 रन जुटाए हैं। डब्ल्यूटीसी में गिल और बाबर के बीच 224 रनों का अंतर है। गिल ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शतक जमाया। भारत ने दो टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज में वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ किया।






