लैथम ने पाकिस्तान में शतक ठोककर रचा धांसू कीर्तिमान, चैंपियंस ट्रॉफी में धोनी भी नहीं कर सके ऐसा
- न्यूजीलैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम लैथम ने चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने एक धांसू कीर्तिमान रचा है।

न्यूजीलैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम लैथम ने बुधवार को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर बखिया उधेड़ी। उन्होंने कराची के नेशनल स्टेडियम में शानदार शतकीय पारी खेली और न्यूजीलैंड को 320/4 के विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पांचवें नंबर पर उतरे लैथम ने मुश्किल हालात में 104 गेंदों में नाबाद 118 रन बनाए। उन्होंने 10 चौके और तीन छक्के ठोके। यह लैथम के वनडे करियर का आठवां शतक है। उन्होंने पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी में सेंचुरी जड़ने का कमाल किया। वह चैंपियंस ट्रॉफी में शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड के पांचवें क्रिकेटर हैं।
टॉम लैथम ने रचा धांसू कीर्तिमान
लैथम ने एक धांसू कीर्तिमान रचा है। वह चैंपियंस ट्रॉफी में सेंचुरी जड़ने वाले तीसरे विकेटकीपर बन गए हैं। पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर एमएस धोनी yR अपने करियर में कभी चैंपियंस ट्रॉफी में शतक नहीं जड़ सके। उनका टूर्नामेंट में हाईएस्ट स्कोर 63 रन रहा। लैथम के अलावा चैंपियंस ट्रॉफी में विकेटकीपर के रूप में सेंचुरी लगाने वाले प्लेयर एंडी फ्लावर और कुमार संगाकारा हैं। जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर फ्लावर ने 2022 में भारत के खिलाफ शतक लगाया। वहीं, पूर्व श्रीलंकाई विकेटकीपर संगाकारा ने 2013 में इंग्लैंड के सामने शतक जड़ने का कारनामा किया।
चैंपियंस ट्रॉफी में पांचवीं बार ऐसा
टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड टीम ने 73 रन जोड़कर तीन विकेट खो दिए। डेवोन कॉनवे (10), डेरिल मिचेल (10) और केन विलियमसन (1) सस्ते में पवेलियन लौटे। ऐसे में लैथम और विल यंग (113 गेंदों में 107) ने बखूबी मोर्चा संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 118 रनों की पार्टनरशिप की। लैथम ने ग्लेन फिलिप्स (39 गेंदों में 61) के साथ पांचवें विकेट के लिए 125 रनों की पार्टनरशिप की। बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी में पांचवीं बार ऐसा हुआ है, जब एक टीम की पारी के दौरान दो प्लेयर ने शतक लगाया। चैंपियंस ट्रॉफी में पहली बार ऐसा वीरेंद्र सहवाग और सौरव गांगुली ने किया था।
चैंपियंस ट्रॉफी में एक टीम पारी में दो शतक
वीरेंद्र सहवाग (126) और सौरव गांगुली (117*) बनाम इंग्लैंड, कोलंबो (आरपीएस), 2002
क्रिस गेल (101) और ड्वेन ब्रावो (112*) बनाम इंग्लैंड, अहमदाबाद, 2006
शेन वॉटसन (136*) और रिकी पोंटिंग (111*) बनाम इंग्लैंड, सेंचुरियन, 2009 एस.एफ.
शाकिब अल हसन (114) और महमुदुल्लाह (102*) बनाम न्यूजीलैंड, कार्डिफ, 2017
विल यंग (107) और टॉम लैथम (100*) बनाम पाकिस्तान, कराची, 2025
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



