इंग्लैंड का नायाब कारनामा, लगातार 5वीं बार सेमीफाइनल में पहुंचा; ब्रूक के शतक से लगी लॉट्री
इंग्लैंड ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 5वीं बार सेमीफाइनल में पहुंचकर नायाब कारनामा अंजाम दिया है। कप्तान हैरी ब्रूक की सेंचुरी के दम पर इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।

कप्तान हैरी ब्रूक की टी20 अंतरराष्ट्रीय में करियर की सर्वश्रेष्ठ 100 रन की पारी से इंग्लैंड ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर आठ चरण के रोमांचक मैच में पाकिस्तान को पांच गेंद शेष रहते दो विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। शानदार लय में चल रहे साहिबजादा फरहान की 45 गेंद में 63 रन की पारी से पाकिस्तान ने नौ विकेट पर 164 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया था। 'प्लेयर ऑफ द मैच' ब्रूक की 51 गेंद में 10 चौके और चार छक्के जडे। टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनके पहले शतक से इंग्लैंड ने पांच गेंद शेष रहते आठ विकेट पर 166 रन बनाकर रोमांचक जीत दर्ज की। ब्रूक ने पावरप्ले में तीन और 58 रन तक चार विकेट गंवाने के बावजूद पांचवें विकेट के लिए सैम कुरेन (15 गेंद में 16 रन) के साथ 28 गेंद में 45 और विल जैक्स (23 गेंद में 28 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 31 गेंद में 52 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। यह टी20 विश्व कप के इतिहास में इंग्लैंड के किसी कप्तान द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर भी है। इंग्लैंड लगातार पांचवीं बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचा है। इंग्लैंड ऐसा करने वाली पहली टीम बन गई है। पाकिस्तान के लिए शाहीन शाह अफरीदी ने चार जबकि उस्मान तारिक और मोहम्मद नवाज ने दो-दो विकेट लिए।
फिल सॉल्ट और जोस बटलर रहे फ्लॉप
टीम में वापसी कर रहे अफरीदी ने लक्ष्य का बचाव करते हुए पहली गेंद पर ही फिल सॉल्ट को चलता करने के बाद अपने अगले ओवर में खराब लय में चल रहे जोस बटलर (दो) को पवेलियन की राह दिखा दी। दोनों का कैच विकेटकीपर उस्मान खान ने पकड़ा। सलमान मिर्जा के खिलाफ छक्का जड़ने वाले ब्रूक ने सईम अयूब की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए। अफरीदी की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में जैकब बेथल (आठ) डीप स्क्वायर लेग पर फरहान के द्वारा लपके गए। ब्रूक ने मोहम्मद नवाज के खिलाफ दो चौके लगाने के बाद बैकफुट से छक्का जड़ पावरप्ले को खत्म किया जिससे टीम का स्कोर तीन विकेट पर 53 रन हो गया। आठवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये उस्मान तारिक ने पहली ही गेंद पर टॉम बैंटम (दो) को चलता कर इंग्लैंड को चौथा झटका दिया। ब्रूक ने 10वें ओवर में अयूब की गेंद पर एक रन चुराकर 28 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अगले ओवर में शादाब के खिलाफ दो चौके और छक्का लगाकर मैच पर टीम का दबदबा कायम करना शुरू किया था कि कुरेन ने तारिक की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में नवाज को कैच दे दिया।
ब्रूक ने इतनी गेंद में अपना शतक बनाया
विल जैक्स ने क्रीज पर आते ही सलमान मिर्जा की गेंद को दर्शकों के पास पहुंचाया। ब्रूक और जैक्स ने इसके बाद बड़े शॉट खेलने की जगह दौड़ कर रन चुराने पर ध्यान दिया और जब जरूरी रन और गेंद का फासला बढ़ा तो जैक्स ने तारिक के खिलाफ अपनी पारी का दूसरा छक्का जड़ दबाव को हावी नहीं होने दिया। ब्रूक ने अफरीदी के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर 50 गेंद में अपना शतक पूरा किया। वह हालांकि अगली गेंद पर बोल्ड हो गए। पाकिस्तान को आखिरी तीन ओवर में 10 रन की जरूरत थी और नवाज ने 19वें ओवर में दो विकेट लेकर मैच को रोमांचक बनाने की कोशिश की लेकिन जोफ्रा आर्चर ने आखिरी ओवर में चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी। इससे पहले फरहान ने अपनी पारी में सात चौके और दो छक्के जड़े। इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाजों ने पाकिस्तान की पारी के अधिकांश हिस्से में सटीक लाइन-लेंथ रखी, लेकिन फरहान ने उनके खिलाफ धैर्य और आक्रामकता का संतुलन दिखाया।
फरहान और जमां ने की तेज साझेदारी
बाएं हाथ के स्पिनर लियाम डॉसन इंग्लैंड के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 12 डॉट गेंद के साथ 24 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्होंने 18वें ओवर में लगातार दो विकेट लेकर पाकिस्तान को 175 के आसपास पहुंचने से रोक दिया। उनकी गेंद पर उस्मान खान के शॉट को जेमी ओवरटन ने लपका और अगली ही गेंद पर नवाज एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। फरहान और वापसी कर रहे फखर जमां (16 गेंदों पर 25 रन) के बीच चौथे विकेट के लिए 4.5 ओवर में 49 रन की तेज साझेदारी के बाद पाकिस्तान की पारी की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई। फरहान ने स्पिनरों के खिलाफ स्वीप शॉट प्रभावी ढंग से खेले और ऑफ स्पिनर जैक्स को काउ कॉर्नर के ऊपर लंबा छक्का जड़ा। वहीं जमां ने कुछ दमदार शॉट लगाए, लेकिन आदिल रशीद की गूगली को पढ़ने में चूक गए और ओवरटन ने पीछे की ओर दौड़ते हुए शानदार कैच पकड़ उन्हें आउट किया।
बाबर आजम फिर रन संघर्ष करते दिखे
ओवरटन (चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट) ने लगातार गेंदों पर छक्का और चौका खाने के बाद सटीक यॉर्कर पर फरहान को चकमा देकर एलबीडब्ल्यू किया। इससे पहले अयूब की तकनीक एक बार फिर आर्चर (चार ओवर में 32 रन देकर दो विकेट) के खिलाफ उजागर हुई। तेज और शॉट गेंद पर पुल शॉट खेलने की कोशिश में वह सही टाइमिंग नहीं कर पाए और लेग स्क्वायर बाउंड्री के पास कैच दे बैठे। कप्तान सलमान अली आगा का खराब टूर्नामेंट जारी रहा जब ओवरटन ने एक बेहतरीन कैच लेकर डॉसन को मैच की पहली सफलता दिलाई। फरहान ने पावरप्ले के बाद अपने स्वाभाविक खेल पर कुछ नियंत्रण रखा, बाबर आजम (24 गेंदों पर 25 रन) एक बार फिर रन गति बढ़ाने में संघर्ष करते दिखे। दोनों ने 7.2 ओवर में 46 रन जोड़े, लेकिन बड़े शॉट्स नहीं लगे। बाबर ने दबाव कम करने के लिए ओवरटन पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की और बोल्ड हो गए। शादाब खान (11 गेंद में 23 रन) ने आखिरी ओवरों में चार चौके जड़ टीम के स्कोर को 164 रन तक पहुंचाया।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



