38/7 पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया का किया बुरा हाल, वनडे सीरीज 2-1 से जीती; बाबर आजम-शाहीन अफरीदी चमकें
PAK vs AUS Highlights- पाकिस्तान ने तीसरा वनडे जीत ऑस्ट्रेलिया को वनडे सीरीज में 2-1 से करारी शिकस्त दी। लाहौर में खेला गया आखिरी वनडे लो स्कोरिंग था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने महज 38 रन पर आखिरी 7 विकेट गंवाए।

PAK vs AUS Highlights- शाहीन अफरीदी की अगुवाई वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे वनडे में 4 विकेट से धूल चटाकर तीन मैच की इस सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान की जीत के हीरो खुद कप्तान शाहीन अफरीदी रहे, जिन्होंने 3 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरे 50 ओवर भी बैटिंग नहीं कर पाई और 42 ओवर में 157 के स्कोर पर सिमट गई। इस स्कोर का पीछा पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने 42वें ओवर में 6 विकेट खोकर किया। बाबर आजम ने 84 गेंदों पर 40 रन की पारी खेल टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शाहीन अफरीदी ने पारी की दूसरी गेंद पर मैथ्यू शॉट को आउट कर कंगारुओं को पहला झटका दिया। जोश इंग्लिस एक छोर को संभाले हुए थे और लगातार रन बना रहे थे, मगर दूसरे छोर से उन्हें वैसा साथ नहीं मिला जिसकी जरूरत थी।
मार्नस लाबुशेन और ऐलेक्स कैरी जैसे बल्लेबाजों ने 30 से अधिक गेंदों का सामना किया, मगर कोई बल्लेबाज 20 रन का आंकड़ा तक नहीं पार कर पाया।
स्कोरबोर्ड बढ़ाने का प्रेशर लगातार कप्तान इंग्लिस पर बढ़ता रहा। इंग्लिस ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए 65 रनों की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 1 गगनचुंबी छक्का शामिल था। उनके अलावा कोई बल्लेबाज 19 रन से ज्यादा नहीं बना पाया।
27वें ओवर की पहली गेंद पर जैसे ही शाहीन अफरीदी ने इंग्लिस को आउट किया तो ऑस्ट्रेलियाई टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। 119/3 से ऑस्ट्रेलिया 157/10 हो गई। आखिरी 7 विकेट कंगारुओं ने 38 रन के अंदर खोए।
158 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी रही। माज सदाकत ने 26 रन बनाए, मगर साहिबजादा फरहान 6 रन पर ही आउट हो गए। धीमी पिच पर इस ट्रिकी रनचेज में बाबर आजम ने संयम दिखाया और 84 गेंदों पर 40 रनों की पारी खेल टीम को जीत की राह दिखाई।
112 के स्कोर पर जब बाबर आजम आउट हुए तो लगा कि पाकिस्तान का भी ऑस्ट्रेलिया जैसा हाल हो सकता है, मगर शादाब खान ने 42 गेंदों पर 29 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
पाकिस्तान ने यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार तीसरी वनडे सीरीज जीती है।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


