ऋषभ पंत के लिए किसी इम्तिहान से कम नहीं अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौता टेस्ट, चूके तो फिर खेल खत्म!

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुश्किल दौर से गुजर रहे ऋषभ पंत के लिए अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में शनिवार से शुरू होने वाला टेस्ट किसी इम्तिहान से कम नहीं होगा। अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है तो उन पर अच्छे प्रदर्शन का काफी दबाव होगा। अगर वह चूके तो टेस्ट में भी उनकी आगे की राह मुश्किल हो सकती है।

Shubman Gill and Rishabh Pant

ऋषभ पंत फाइटर हैं। निजी जिंदगी में भी और करियर में भी। जानलेवा कार हादसे के बाद जब किसी ने नहीं सोचा होगा कि वह फिर क्रिकेट के मैदान में लौट पाएंगे, वह लौटे। उसी अंदाज में लौटे, जिस अंदाज के लिए जाने जाते थे। पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ फ्रैक्चर के बाद भी उन्हें मैदान में उतरते दुनिया ने देखा। आज ये फाइटर ऐसे मोड़ पर खड़ा है कि करियर को पटरी पर लाने के लिए एक और फाइट लड़नी होगी। उसी जज्बे के साथ, जिसके जरिए हर बड़ी चुनौती से निपटते रहे हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट इस लिहाज से काफी अहम साबित हो सकता है।

ऋषभ पंत इस समय मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। आईपीएल 2026 में न तो उनकी टीम लखनऊ सुपर जॉइंट्स का प्रदर्शन अच्छा रहा और न ही बतौर बल्लेबाज वह अपनी कोई छाप छोड़ पाए। आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी पंत को इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद लखनऊ सुपर जॉइंट्स की कप्तानी से हाथ धोना पड़ा है। इतना ही नहीं, उन्हें टेस्ट में भारत की उपकप्तानी से भी वंचित होना पड़ा है। अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में शनिवार से होने वाले इकलौते टेस्ट के लिए उनकी जगह पर केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है।

ऋषभ पंत अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं लेकिन दिलचस्प बात ये है कि टी20 इंटरनेशनल और ओडीआई से ज्यादा वह टेस्ट में कामयाब हुए हैं। कभी T20I और ODI में तेजी से उभरे पंत पिछले एक-दो साल से सिर्फ टेस्ट तक सीमित हो गए हैं। अब यहां भी उनकी जगह खतरे में है। वजह है- खुद के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी और बढ़ती प्रतिस्पर्धा।

ऋषभ पंत को टेस्ट टीम की उपकप्तानी से हटाकर केएल राहुल को जिम्मेदारी दी गई है जो खुद एक विकेटकीपर हैं। पंत को अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कड़ी प्रतिस्पर्धा का भी सामना करना पड़ रहा है। इस समय केएल राहुल, ईशान किशन और संजू सैमसन, ध्रुव जुरेल के रूप में भारत के पास विकेटकीपर बल्लेबाजों का एक मजबूत टैलेंट पूल है। तीनों ही फॉर्मेट में ऋषभ पंत को तगड़े कॉम्टिशन का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अगर प्रदर्शन के मोर्चे पर तनिक भी कमजोर पड़े तो उनकी जगह लेने वाले खिलाड़ियों की कतार लगी हुई है।

अफगानिस्तान के खिलाफ अगर ऋषभ पंत को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है तो उन्हें इस मौके को भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिए। वजह ये है कि अब अगर टेस्ट टीम से भी पत्ता कटा तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी आसान नहीं होगी।

पंत के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो वह अबतक 49 टेस्ट खेल चुके हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में अगर वह खेलते हैं तो ये उनका पचासवां टेस्ट होगा। उनके नाम टेस्ट में 3476 रन दर्ज हैं। उनका औसत 42.91 है। टेस्ट में उनके नाम 8 शतक और 18 अर्धशतक भी शामिल हैं।

पंत ने अब तक 76 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 1209 रन दर्ज हैं। T2OI में उनका औसत 23.25 और स्ट्राइक रेट 127.26 है। उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 3 अर्धशतक लगाए हैं।

पंत ने टेस्ट और T20I के मुकाबले कम ही ODI मैच खेले हैं। उन्होंने अब तक 31 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 871 रन दर्ज है। ओडीआई में उनका औसत 33.50 और स्ट्राइक रेट 106.21 है। उन्होंने ओडीआई में एक शतक भी जड़ा है। इसके अलावा उनके नाम 5 अर्धशतक भी हैं।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।