
आखिरी बार अलविदा…रोहित शर्मा की रहस्यमयी पोस्ट हुई वायरल, अचानक फैंस की बढ़ीं धड़कनें
रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की है, जिसने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं। उनके रिटायरमेंट की अटकलें लग रहीं। रोहित ने सीरीज के आखिरी वनडे में शतकीय पारी खेली।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच शनिवार को तीन मैचों की वनडे सीरीज समाप्त हो गई है। भारत को सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, रोहित शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया। 38 वर्षीय रोहित ने सिडनी में आयोजित तीसरे वनडे में (125 गेंदों में नाबाद 121) शानदार शतक जमाकर भारत को 9 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वह ना सिर्फ प्लेयर ऑफ द मैच बल्कि प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए। उन्होंने सीरीज 202 रन जुटाए। सीरीज समाप्त होने के बाद रोहित ने एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की है, जिसने फैंस की धड़कनें बढ़ा दी हैं।
रोहित ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह एयरपोर्ट पर जाते हुए नजर आए। उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा, ‘’एक आखिरी बार सिडनी को अलविदा।'' रोहित की पोस्ट आग की तरह वायरल हो रही है, जिसके बाद अपने-अपने अंदाज में रिएक्शन दे रहे हैं। फैंस साथ ही कयास लगा रहे कि क्या यह वनडे फॉर्मेट से विदाई का संकेत है या फिर ऑस्ट्रेलियाई दौरे की पुरानी यादों को ताजा करने का संकेत। भले ही कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया हो लेकिन 'हिटमैन' के शानदार प्रदर्शन के बाद आई पोस्ट ने फैंस को इमोशनल जरूर कर दिया है।
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज से पहले रोहित को कप्तानी गंवानी पड़ी थी। उनकी जगह शुभमन गिल को कप्तान नियुक्त किया गया। रोहित टेस्ट और टी20 इंटनरनेशन क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। रोहित ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) में शतक जड़ने के बाद इमोशनल बयान दिया था। उन्होंने कहा, ''मुझे नहीं पता कि हम क्रिकेटर के रूप में वापसी करेंगे या नहीं, लेकिन मैंने हर पल का आनंद लिया है।" उन्होंने 2008 में अपने पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे को याद करते हुए कहा कि एससीजी ने हमेशा उनके करियर में एक विशेष स्थान रखा है। उन्होंने टीम के साथी विराट कोहली का भी आभार व्यक्त किया और इस मैदान पर खेलने के लिए उनके साझा प्रेम का उल्लेख किया। रोहित ने कहा, "पिछले 15 सालों में जो कुछ भी हुआ, उसे भूल जाइए, मुझे हमेशा यहां खेलना पसंद रहा है।''






