
एक और धांसू आखिरी पारी की उम्मीद; पैट कमिंस ने उस्मान ख्वाजा को शानदार करियर पर दी बधाई
ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने उस्मान ख्वाजा की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि ख्वाजा का करियर अविश्वसनीय रहा है। 39 साल के उस्मान ख्वाजा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा एशेज सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच उनके करियर का आखिरी मैच होगा।
ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने उस्मान ख्वाजा की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि ख्वाजा का करियर अविश्वसनीय रहा है। 39 साल के उस्मान ख्वाजा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा एशेज सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच उनके करियर का आखिरी मैच होगा। 4 जनवरी से सिडनी में शुरू होने वाले टेस्ट में वह आखिरी बार सफेद जर्सी में खेलते नजर आएंगे।
उस्मान ख्वाजा अपने आखिरी टेस्ट मैच से पहले कुल 87 टेस्ट खेल चुके हैं। इसमें उन्होंने 43.39 के औसत से 6,206 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 157 पारियां खेली और 16 शतक और 28 अर्धशतक लगाए। ख्वाजा ने शुक्रवार को एक 50 मिनट लंबे प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने संन्यास का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने अपने करियर के दौरान झेले गए रंगभेद का भी जिक्र किया।
पैट कमिंस ने उस्मान ख्वाजा को उनके शानदार करियर के लिए बधाई देते हुए उनसे अपने होमग्राउंड पर आखिरी बार एक और शानदार पारी की उम्मीद जताई है।
भारत के पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने भी ख्वाजा को सिडनी में होने जा रहे उनके आखिरी टेस्ट के लिए शुभकामनाएं दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'क्या शानदार सफर रहा है, उस्मान ख्वाजा। सिडनी में आखिरी टेस्ट के लिए और आने वाले समय के लिए शुभकामनाएं।'
इससे पहले ख्वाजा ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में मीडिया से बातचीत करते हुए संन्यास के अपने फैसले के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनके मन में ये कुछ समय से चल रहा था। उन्होंने अपनी पत्नी रचेल के साथ चर्चा के बाद आखिरकार ये फैसला किया।
ख्वाजा ने ये भी खुलासा किया कि उन्होंने पिछले 2 वर्षों में कई बार रिटायरमेंट के बारे में सोचा था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद भी वह घरेलू क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे। वह बिग बैश लीग में ब्रिसबेन हीट की तरफ से खेलने वाले हैं और शेफील्ड शील्ड में क्वींसलैंड का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।






