ओली रॉबिन्सन ने टेस्ट में रचा इतिहास, 100 सालों में बुमराह के बाद ऐसा करने वाले दूसरे गेंदबाज
Ollie Robinson Test Bowling Average: ओली रॉबिन्सन ने टेस्ट क्रिकेट में 100वां विकेट लेते ही कमाल कर दिया। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ने एक खास क्लब में एंट्री मारी, जिसमें जसप्रीत बुमराह शामिल हैं।

Ollie Robinson Test Bowling Average: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच बर्मिंघम के मैदान पर खेला जा रहा है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी। तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने तीसरे ओवर में इंग्लैंड को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने ओवर की चौथी गेंद पर सईम अयूब को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 10 गेंद खेलने के बावजूद खाता नहीं खोल सके। यह 32 वर्षीय रॉबिन्सन के टेस्ट करियर का 100वां विकेट था। उन्होंने इतिहास रच डाला है। रॉबिन्सन टेस्ट में पिछले 100 सालों में 20 से कम औसत से 100 प्लस विकेट लेने वाले केवल दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनका बॉलिंग औसत फिलहाल 19.34 का है। रॉबिन्सन के अलावा यह कारनामा भारत के धाकड़ पेसर जसप्रीत बुमराह ने अंजाम दिया है। बुमराह ने अब तक 52 टेस्ट में 232 विकेट चटकाए हैं। उनका औसत 19.79 का है।
रॉबिन्सन और बुमराह ने 24वें टेस्ट में किया ऐसा
रॉबिन्सन ने जून 2021 में टेस्ट डेब्यू किया था। वह फिलहाल 24वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि बुमराह ने भी करियर के 24वें टेस्ट में विकेट की सेंचुरी कंप्लीट की थी। उन्होंने यह कमाल सितंबर 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ किया था। वहीं, ओवरऑल टेस्ट इतिहास में 100 प्लस विकेट लेने वालों में बेस्ट बॉलिंग औसत जॉर्ज लोहमैन का है। इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज लोहमैन ने 18 टेस्ट मैचों 10.75 के औसत से 112 विकेट लिए। टेस्ट में सबसे तेज 100 विकेट पूरे करने का रिकॉर्ड भी लोहमैन के नाम दर्ज है। उन्होंने सिर्फ 16 टेस्ट में ऐसा किया था। वह 1886 से 1896 के दौरान इंग्लैंड की ओर से खेले।
रॉबिन्सन की पाकिस्तान सीरीज में घातक गेंदबाजी
लोहमैन के बाद लिस्ट में बेस्ट औसत सिडनी बार्न्स का है। इंग्लैंड के पूर्व पेसर बार्न्स ने 1901 से 1914 के दौरान 27 टेस्ट में 16.43 के औसत से 189 झटके। तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज चार्ली टर्नर हैं। टर्नर ने 1887 से 1895 के दौरान 17 टेस्ट खेले, जिसमें 101 विकेट हासिल किए। उनका औसत 16.53 का रहा। बता दें कि रॉबिन्सन ने पाकिस्तान टेस्ट सीरीज में घातक गेंदबाजी की है। उन्होंने पहले और दूसरे मुकाबले में 8-8 विकेट झटके थे। वह दोनों टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
पिछले 100 सालों में बेस्ट टेस्ट बॉलिंग औसत
19.34 - ओली रॉबिन्सन (100 विकेट)
19.79 - जसप्रीत बुमराह (234 विकेट)
20.39 - जॉनी वार्डल (102 विकेट)
20.53 - एलन डेविडसन (186 विकेट)
20.94 - मैल्कम मार्शल (376 विकेट)
20.97 - जोएल गार्नर (259 विकेट)
20.99 - कर्टली एम्ब्रोस (405 विकेट)



