ओली रॉबिन्सन ने इंग्लैंड के लिए रचा इतिहास, कर दिखाया वो कारनामा जो 149 साल में कोई नहीं कर पाया
ओली रॉबिन्सन ने इंग्लैंड के लिए वो कारनामा कर दिखाया है जो उनके 149 साल के टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कोई नहीं कर पाया। वह पहले इंग्लिश गेंदबाज बन गए हैं, जिसने अपनी पारी के पहले ओवर में ही 3 विकेट लिए हो।

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच तीन टेस्ट मैच की सीरीज का पहला मुकाबला ‘क्रिकेट का मक्का’ कहे जाने वाले लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जा रहा है। यह ऐतिहासिक मैदान ENG vs NZ टेस्ट में बल्लेबाजों के लिए 'कब्रगाह' बन गया है। पहले दिन कुल 201 रन बने और 16 विकेट चटके। इंग्लैंड की टीम 140 के स्कोर पर ढेर हो गई, वहीं दिन का खेल खत्म होते-होते न्यूजीलैंड ने भी 61 के स्कोर पर 6 विकेट गंवा दिए। जब इंग्लैंड इतने कम स्कोर पर ऑलआउट हुआ तो लगा कि वह इस मैच में पिछड़ जाएगा, मगर ओली रॉबिन्सन की कातिलाना गेंदबाजी ने इंग्लिश टीम की मैच में वापसी करवाई।
ओली रॉबिन्सन ने पारी के दूसरे और अपने पहले ओवर में तीन विकेट चटकाकर न्यूजीलैंड को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया। यह तीन विकेट डेवोन कॉन्वे, केन विलियमसन और रचिन रविंद्र के थे, जो इंग्लैंड टेस्ट टीम की रीड की हड्डी माने जाते हैं।
एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर ओली रॉबिन्सन ने इतिहास रच दिया। वह इंग्लैंड के 149 साल के टेस्ट क्रिकेट इतिहास के पहले ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने पारी के अपने पहले ओवर में ही तीन विकेट चटकाए हो।
उनसे पहले, कुल छह खिलाड़ियों ने टेस्ट इनिंग के अपने पहले ओवर में तीन बल्लेबाजों को आउट किया था, लेकिन उस लिस्ट में कोई इंग्लिश खिलाड़ी नहीं था।
मैच के अपने पहले ओवर में तीन बल्लेबाजों को आउट करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज होने का रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज नुवान जोयसा के नाम है। जोयसा ने 1999 में हरारे स्पोर्ट्स क्लब में जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट में श्रीलंका के लिए अपने पहले तीन विकेट लेने के लिए सिर्फ तीन गेंदों का सामना किया था।
इस लिस्ट में एक भारतीय इरफान पठान भी है। पठान की वो पाकिस्तान के खिलाफ जादुई हैट्रिक तो हर किसी को याद होगी, जब 2006 में उन्होंने सलमान बट्ट, यूनिस खान और मोहम्मद यूसुफ को अपनी पारी के पहले ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर आउट किया था।
न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी, पाकिस्तान के हारिस सोहेल, और ऑस्ट्रेलिया के मिशेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड ही ऐसे चार अन्य गेंदबाज हैं जिन्होंने टेस्ट पारी के अपने पहले ओवर में तीन बल्लेबाजों को आउट किया है।
बात मुकाबले की करें तो, पहले दिन 16 विकेट गिरने के बाद लगता नहीं कि यह मैच तीन दिन से ज्यादा चल पाएगा। ऐसे में लॉर्ड्स की पिच पर सवाल खड़े हो सकते हैं।
ओली रॉबिन्सन अभी तक 6 ओवर में 10 रन देकर चार विकेट चटका चुके हैं, चौथा विकेट उन्हें डेरेल मिचेल के रूप में मिला। आज वह न्यूजीलैंड को जल्द समेट पंजा खोलना चाहेंगे।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


