
क्राइस्टचर्च टेस्ट: पहले दिन वेस्टइंडीज के गेंदबाजों का कहर, न्यूजीलैंड 231-9
केन विलियम्सन के अर्धशतक और माइकल ब्रेसवेल की 47 रन की पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन 9 विकेट के नुकसान पर 231 रन बनाए। क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे इस टेस्ट में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
न्यूजीलैंड दौरे पर पहुंची वेस्टइंडीज की टीम ने तीन टेस्ट मैच की सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार शुरुआत की है। क्राइस्टचर्च टेस्ट में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कैरेबियाई गेंदबाजों ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड के 9 बल्लेबाजों को आउट कर दिया। मेजबान टीम की तरफ से केन विलियम्सन और माइकल ब्रेसवेल ही वेस्टइंडीज की कहर बरपाती गेंदबाजी के सामने कुछ प्रतिरोध बताया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने 9 विकेट के नुकसान पर 231 रन बना लिए थे।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए। मेहमान टीम ने 6 गेंदबाजों को आजमाया और हर किसी ने विकेट लेकर दिखाया। खराब रोशनी की वजह से पहले दिन सिर्फ 70 ओवर का खेल हो पाया।
न्यूजीलैंड का पहला विकेट 1 रन के स्कोर पर डेवन कॉनवे के रूप में गिरा। वह खाता तक नहीं खोल पाए। लेकिन उसके बाद कप्तान टॉम लैथम और पूर्व कप्तान केन विलियम्सन ने दूसरे विकेट के लिए 93 रन की शानदार साझेदारी की। विलियम्सन 102 गेंदों में 52 रन बनाकर ग्रीव्स का शिकार बने। वह न्यूजीलैंड की तरफ से टॉप स्कोरर रहे।
माइकल ब्रेसवेल अर्धशतक से चूक गए। वह 47 रन बनाकर आउट हुए। टॉम ब्लंडेल ने 29 , टॉम लेथम ने 24 रन और नार्थ स्मिथ ने 23 रन का योगदान दिया। विल यंग ने 14 रन बनाए। पहले दिन का खेल खत्म होने तक जैक फोल्क्स और जैकब डफी 4-4 रन बनाकर नाबाद रहे।
वेस्टइंडीज की तरफ से केमार रोच, ओजे शील्ड्स और जस्टिन ग्रीव्स ने 2-2 विकेट झटके। जायडेन सील्स, जोहानन लेन और रोस्टन चेज ने 1-1 विकेट झटके।






