
NZ vs ENG: वापसी पर केन विलियमसन ने झेला 'गहरा जख्म', 15 साल के करियर में पहली बार हुआ ऐसा
New Zealand vs England: न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन की इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी अच्छी नहीं रही। उन्होंने बे ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में 'गहरा जख्म' झेला।
न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच रविवार से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू हो गई। इस सीरीज के पहले मैच से न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की, जो अच्छी नहीं रही। मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के बाद न्यूजीलैंड के लिए खेलने उतरे विलियमसन ने वापसी पर 'गहरा जख्म' झेला। वह माउंट माउंगानुई के बे ओवल मैदान पर गोल्डन डक का शिकार हुए। क्रिकेट में किसी बल्लेबाज के पहली ही गेंद पर शून्य रन पर आउट होने को गोल्डन डक कहा जाता है। विलियमसन को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्से ने पवेलियन की राह दिखाई।

15 साल के करियर में पहली बार हुआ ऐसा
224 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान न्यूजीलैंड ने खराब आगाज किया। कार्से ने दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर ओपनर विल यंग (5) को बोल्ड कर दिया। कार्से ने अगले ही गेंद पर वन डाउन बैटिंग करने उतरे 35 वर्षीय विलियमसन को विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों कैच लपकवाया। विलियमसन अपने 15 सालों के वनडे करियर में पहली बार गोल्डन डक का शिकार हुए हैं। उन्होंने अगस्त 2010 में वनडे डेब्यू किया था।
विलियमसन बहुत कम शून्य पर आउट होते हैं, खासकर वनडे क्रिकेट में। इंग्लैंड के खिलाफ माउंट माउंगानुई वनडे से पहले विलियमसन 165 पारियों में सिर्फ 5 बार जीरो पर पवेलियन लौटे। उन्होंने साल 2010 के बाद से महज दो बार शून्य पर अपना विकेट गंवाया है। वह आखिरी बार शून्य पर 9 साल पहले यानी 2016 में आउट हुए थे। विलियमसन अब न्यूजीलैंड के लिए पार्ट टाइम कॉन्टैक्टेक पर खेलते हैं। वह अपने मैच खुद चुनते हैं।
विलियमसन ने तोड़ डाला प्लेमिंग का रिकॉर्ड
विलियमसन ने न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज स्टीफन फ्लेमिंग का रिकॉर्ड ताड़ डाला है। वह वनडे क्रिकेट में बगैर शून्य पर आउट हुए लगातार सबसे ज्यादा पारी खेलने वाले न्यूजीलैंड के दूसरे क्रिकेटर बन चुके हैं। विलियमसन ने बिना जीरो पर गंवाए लगातार 80 पारियां खेलीं। फ्लेमिंग ने 78 पारियां खेलीं। वहीं, बिना शून्य के लगातार सर्वाधिक पारियां खेलने का ओवरऑल रिकॉर्ड पूर्व भारतीय बल्लेबाज राहुल द्रविड़ (120 पारियां) के नाम दर्ज है। उनके बाद न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर मार्टिन क्रो (119 पारियां) हैं।






