यशस्वी जायसवाल नहीं, विराट कोहली को नंबर-3 पर रिप्लेस कर सकता है ये 5 ODI खेलने वाला खिलाड़ी
वसीम जाफर ने विराट कोहली के रिप्लेसमेंट को लेकर बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। उन्होंने एक ऐसे प्लेयर का नाम लिया है, जिसने अभी तक वनडे क्रिकेट में छाप नहीं छोड़ी है। इस खिलाड़ी ने अभी 5 वनडे मैच खेले हैं।

विराट कोहली साफ कर चुके हैं कि साउथ अफ्रीका में अगले साल होने वाला वर्ल्ड कप 2027 उनके करियर का आखिरी वर्ल्ड कप होगा। भारतीय फैंस में इसको लेकर मिक्सड फीलिंग है। कई फैंस खुश हैं कि कोहली अगले साल तक उनका मनोरंजन करते रहेंगे। वहीं कुछ फैंस दुखी है कि उनका यह लीजेंड खिलाड़ी वर्ल्ड कप 2027 के बाद रिटायर हो जाएगा। कोहली पहले ही टेस्ट और टी20 से रिटायरमेंट ले चुके हैं। टी20 टीम में तो कई विस्फोटक खिलाड़ियों की एंट्री हुई है, जिस वजह से वहां कोहली की कमी महसूस नहीं होती। वहीं टेस्ट में शुभमन गिल ने कोहली की नंबर-4 की पोजिशन को बखूबी संभाला है। अब सवाल यह है कि वनडे में विराट कोहली के बाद नंबर-3 पर कौन खेलेगा। विराट ने पिछले 15 सालों से इस पोजिशन को संभाला है और बीसीसीआई को इस पोजिशन के लिए किसी भी बात का सिरदर्द नहीं लेने दिया। मगर अब सवाल है कि कोहली के जाने के बाद कौन यह बड़ी जिम्मेदारी उठाएगा? क्या बीसीसीआई के पास ऐसा कोई खिलाड़ी है?
वसीम जाफर ने बताया विराट कोहली का नंबर-3 का रिप्लेसमेंट
वसीम जाफर ने कोहली के रिप्लेसमेंट के रूप में ना तो रुतुराज गायकवाड़ को चुना है और ना ही यशस्वी जायसवाल को, बल्कि उन्होंने नंबर-3 की पोजिशन के लिए भारतीय टी20 टीम के उप-कप्तान तिलक वर्मा को बेस्ट ऑपशन बताया है। कोहली के साथ-साथ रोहित शर्मा का भी यह आखिरी वर्ल्ड कप होने वाला है। ऐसे में हिटमैन की जगह यशस्वी जायसवाल ले सकते हैं। वहीं गायकवाड़ वनडे में अभी तक अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए हैं।
वसीम जाफर ने अपने YouTube चैनल पर कहा, "उनकी वर्सेटिलिटी देखकर बहुत अच्छा लगता है। उन्होंने पहले नंबर 3 पर सेंचुरी बनाई थी, और अब उन्होंने नंबर 5 और नंबर 6 पोजीशन पर इतनी खूबसूरती से खुद को ढाल लिया है। यह एक कमाल की क्वालिटी है।"
उन्होंने आगे कहा, "अब समय आ गया है। जब विराट और रोहित चले जाएंगे, तो रोहित, जाहिर है, एक टॉप-ऑर्डर बैटर होंगे, और यशस्वी जायसवाल उनकी जगह लेंगे, लेकिन मुझे लगता है कि विराट की जगह कोई लेफ्ट-हैंडेड बैटर होगा। उनके पास वह गेम है; हमने देखा कि उन्होंने दिलीप ट्रॉफी में कैसे रन बनाए। उनका फर्स्ट-क्लास एवरेज लगभग 55 है। इसलिए, वह तीनों फॉर्मेट में आसानी से फिट हो सकते हैं।"
शुभमन गिल क्या नंबर-3 पर खेल सकते हैं?
टेस्ट क्रिकेट में देखने को मिला की विराट कोहली के जाने के बाद शुभमन गिल ने नंबर-4 की पोजिशन को संभाला है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या वनडे में भी गिल ऐसा कर सकते हैं। भारतीय कप्तान नंबर-3 की जगह को भरने के लिए क्या अपनी ओपनिंग का त्याग कर सकते हैं? अगर ऐसा होता है तो भारत को वनडे क्रिकेट में नई ओपनिंग जोड़ी ढूंढनी होगी। यशस्वी जायसवाल रोहित शर्मा की जगह ले लेंगे, मगर उनके साथ पारी का आगाज कौन करेगा यह सवाल है। क्या अभिषेक शर्मा की वनडे टीम में एंट्री हो सकती है? इन सभी सवालों के जवाब तो अब वर्ल्ड कप 2027 के बाद ही मिलेंगे। तब तक भारतीय फैंस रोहित शर्मा और विराट कोहली की बल्लेबाजी का मजा लें।


