विराट कोहली या शुभमन गिल नहीं, टाइम मैगजीन की टॉप 100 लिस्ट में स्मृति मंधाना
Smriti Mandhana TIME Magazine: स्मृति मंधाना को टाइम मैगजीन की 100 सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों की लिस्ट में जगह मिली है। स्टार ओपनर के नाम कई उपलब्धियां हैं।

प्रतिष्ठित टाइम मैगजीन ने मंगलवार को 2026 की खेल जगत के 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों की लिस्ट जारी की है। मैगजीन ने सुपरस्टार क्रिकेटर विराट कोहली या भारतीय कप्तान शुभमन गिल को अपनी लिस्ट में जगह नहीं दी। भारत से स्मृति मंधाना को इसमें शामिल किया गया है। वह सूची में जगह पाने वाली एकमात्र भारतीय हैं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर और उपकप्तान मंधाना ने अपने करियर में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। वह महिला टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक अर्धशतक (34) जड़ने वाली प्लेयर हैं। वह इस फॉर्मेट में दूसरी सबसे ज्यादा रन (4401) बनाने वाली क्रिकेटर हैं। वह वनडे में दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय हैं। 29 वर्षीय मंधाना इन दिनों महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेल रही हैं।
लिस्ट में मेसी से लेकर बावुमा तक
टाइम मैगजीन की सूची में ऐसे खिलाड़ी, कोच, समर्थक और निवेशक शामिल हैं, जिन्होंने खेलों में अहम भूमिका निभाई है। लिस्ट में मंधाना के अलावा अमेरिकी बास्केटबॉल के दिग्गज लेब्रॉन जेम्स, फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो, चीनी-अमेरिकी स्कीयर एलीन गु, टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज, बास्केटबॉल खिलाड़ी विक्टर वेम्बन्यामा, दिग्गज गोल्फर रोरी मैकलॉय और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट कप्तान टेम्बा बावुमा तक शामिल हैं।
मैगजीन ने ओपनर के बारे में क्या कहा?
टाइम मैगजीन में ओपनर के बारे में कहा गया है, ''मंधाना घरेलू वनडे मैच में दोहरा शतक बनाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं, वह तीनों अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों में शतक बनाने वाली पहली महिला खिलाड़ी हैं। उन्होंने 17 शतक लगाए हैं, जो अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में संयुक्त रिकॉर्ड से सबसे अधिक हैं। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 2024 और 2026 में महिला प्रीमियर लीग का खिताब जिताया और पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम की उपकप्तान थीं।''
मंधाना ने साल 2013 में किया था डेब्यू
मंधाना ने 2025 वनडे वर्ल्ड कप में नौ मैचों में 54.25 के औसत से 434 रन बनाए, जिसमें एक सेंचुरी और दो फिफ्टी हैं। वह भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं। यह टूर्नामेंट के एक संस्करण में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बन गए सबसे ज्यादा रन हैं। उन्होंने मिताली राज का रिकॉर्ड ध्वस्त किया था। मिताली ने 2017 संस्करण में 409 रन जुटाए थे। महिला क्रिकेट की सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार मंधाना दो बार आईसीसी विमेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड भी जीत चुकी हैं। साल 2013 में इंटरनेशनल डेब्यू करने के बाद से बाएं हाथ की बल्लेबाज मंधाना ने अभी तक 167 टी20, 120 वनडे और 8 टेस्ट मैच खेले हैं।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



