विराट या रोहित नहीं, ये खिलाड़ी 2027 वर्ल्ड कप जिताने के लिए जरूरी; कैफ बोले- वह ICC इवेंट का...
मोहम्मद कैफ का मानना है कि भारतीय टीम को 2027 वनडे वर्ल्ड कप जीतने के लिए मोहम्मद शमी जैसे अनुभवी गेंदबाज की जरूरत है। शमी ने लंबे समय से इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है।

साल 2027 में वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा। अफ्रीका में पिछला वनडे वर्ल्ड कप साल 2003 में हुआ था। तब भारतीय टीम फाइनल में पहुंची थी, जिसका हिस्सा मोहम्मद कैफ भी थे। पूर्व बल्लेबाज कैफ का मानना है कि आगामी वर्ल्ड कप जीतने के लिए भारत को मोहम्मद शमी जैसे अनुभवी गेंदबाज की जरूरत है क्योंकि मैच ऐसी पिचों पर खेले जाएंगे जो पहले की तुलना में बैटिंग के लिए कहीं बेहतर होंगी। उन्होंने भारतीय टीम मैनेजमेंट को विराट कोहली और रोहित शर्मा की बैटिंग पर ज्यादा निर्भर रहने के बजाए एक मजबूत बॉलिंग अटैक तैयार करने की सलाह दी। 36 वर्षीय शमी लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए पिछला इंटरनेशनल मैच मार्च 2025 में खेला था। शमी 2023 वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।
'जिस टीम के बॉलर बेहतर होंगे…'
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कैफ ने मुंबई में कहा, ''साउथ अफ्रीका में कंडीशन काफी बेहतर हो गई हैं, वहां बैटिंग के लिए काफी अच्छी पिचें हैं। इसलिए, मुझे नहीं लगता कि बॉलर हावी होंगे। मुझे लगता है कि बैटर हावी होंगे, इसलिए जिस टीम के बॉलर बेहतर होंगे, वह अच्छा करेगी।'' कैफ मुंबई में हैरिस शील्ड इंटर-स्कूल कॉम्पिटिशन के उद्घाटन समारोह में चीफ गेस्ट थे। 125 वनडे मैच खेलने वाले कैफ ने कहा कि बैटिंग पिचें दुनिया भर में एक पैटर्न हैं। उन्होंने कहा, ''रोहित शर्मा और विराट कोहली पर फोकस है, मुझे लगता है कि वे अच्छा करेंगे। अगर भारत को जीतना है तो बॉलिंग और फील्डिंग को ठीक करना होगा, ये दो जरूरी बातें हैं।''
'कोई एक प्लेयर आपको विदेश में…'
23 साल पहले कैफ और युवराज सिंह ने अफ्रीका में प्रभावी प्रदर्शन किया था, जिससे सौरव गांगुली की कप्तानी वाली टीम धीमी शुरुआत से उबरकर फाइनल में पहुंची थी, लेकिन बॉलिंग खराब होने के कारण ऑस्ट्रेलिया से हार धेलनी पड़ी। 2003 में सचिन तेंदुलकर ने बैटिंग यूनिट का नेतृत्व किया और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। कैफ ने कहा, ''कोई एक प्लेयर आपको विदेश में वर्ल्ड कप नहीं जिता सकता, कोहली मुख्य खिलाड़ी हैं, लेकिन कई और लोगों को भी मदद करनी होगी। तेंदुलकर हमारे मुख्य बल्लेबाज थे, लेकिन अगर आप मैच देखेंगे तो दूसरों ने भी योगदान दिया। युवराज ने जरूरी रन बनाए, मैंने न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद अर्धशतक जमाया, राहुल द्रविड़ ने रन बनाए थे, वीरेंद्र सहवाग के बल्ले से रन थे, आशीष नेहरा का इंग्लैंड के खिलाफ मैच जिताने वाला स्पेल था, जहीर खान ने अच्छे स्पेल डाले, जवागल श्रीनाथ हमारे सीनियर बॉलर थे। गांगुली की कप्तानी बहुत अच्छी थी, इसका बहुत सारा श्रेयस उन्हें जाता है।''
'जसप्रीत बुमराह के बाद हमें किसे…'
आगामी वनडे वर्ल्ड कप शुरू होने में एक साल बाकी है और भारत की सबसे बड़ी चिंता अस्थिर पेस बॉलिंग लाइनअप है। कैफ ने कहा, ''बहुत सारे बल्लेबाज लाइन में हैं, लेकिन बॉलिंग में कोई नहीं है। जसप्रीत बुमराह के बाद हमें किसे चुनना है, यह पता लगाना होगा। वे (टीम मैनेजमेंट) युवा बॉलर्स को मौके दे रहे थे लेकिन यह काम नहीं कर रहा है, इसलिए अब उन्हें संतुलन बनाना होगा। शुभमन गिल काफी युवा कप्तान हैं, ऐसे में युवा बॉलिंग कॉम्बिनेशन काम नहीं करेगा। एक युवा कप्तान के साथ अनुभवी बॉलर्स होने चाहिए।'' हाल के मैचों में कम अनुभवी अटैक के संघर्ष को देखते हुए सिलेक्टर्स ने 36 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार को टी20 सेटअप में वापस बुलाया है। उनकी चार साल बाद वापस हुई है। उन्हें न्यूजीलैंड में T20I सीरीज के लिए चुना गया।
'मोहम्मद शमी ICC इवेंट का बॉलर है'
कैफ ने कहा, ''शमी ने 2023 टूर्नामेंट में जबर्दस्त प्रभाव छोड़ा था। अफ्रीका में आपको फ्लैट विकेट मिलेंगे और आपको अनुभवी खिलाड़ियों की जरूरत होगी। शमी एक काबिल बॉलर हैं। वह आईसीसी इवेंट का बॉलर है। उन्होंने हर वर्ल्ड कप में अच्छा परफॉर्म किया है। भुवनेश्वर के सिलेक्शन से दूसरे अनुभवी बॉलर्स को उम्मीद मिली है।'' कैफ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ डरबन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के पेस अटैक की ओर इशारा करते हुए कहा, ''वापसी के लिए जो भी प्रोटोकॉल हैं, शमी वह कर रहे हैं। वह घरेलू मैच खेल रहे हैं। 20 ओवर बॉलिंग कर रहे हैं, जिसका मतलब है कि वह फिट हैं। उम्र कोई क्राइटेरिया नहीं है। यह आपकी परफॉर्मेंस-फिटनेस है कि आप कितना लंबा स्पेल डाल सकते हैं और क्या आप टीम की जीत में योगदान दे सकते हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम टेस्ट मैच खेल रहा है, उनके बॉलर्स की उम्र क्या है? मिचेल स्टार्क 36 साल के हैं, जोश हेजलवुड 35 साल के हैं, और कप्तान पैट कमिंस 33 साल के हैं।''


