
शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा या वॉशिंगटन सुंदर नहीं...मैनचेस्टर टेस्ट में ये खिलाड़ी बना 'प्लेयर ऑफ द मैच'!
संक्षेप: मैनचेस्टर टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से मेजबान टीम के कप्तान बेन स्टोक्स को नवाजा गया। स्टोक्स ने 5 विकेट हॉल लेने के साथ-साथ भारत के खिलाफ इस मैच में 141 रनों की शानदार पारी खेली थी।
इंडिया वर्सेस इंग्लैंड मैनचेस्टर टेस्ट में एक समय पर भारत पर हार की तलवार लटक रही थी। 5 सेशन का खेल बचा था। भारत का दूसरी पारी में रनों का खाता खुला भी नहीं था कि यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन के रूप में दो बड़े झटके लग चुके थे। ऋषभ पंत की उपलब्धता के बारे में कुछ नहीं पता था कि वह बल्लेबाजी करने आएंगे भी या नहीं। ऐसे में इंग्लैंड काफी मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा था। हालांकि इन सबके विपरीत जाकर भारतीय बल्लेबाजों ने 5 सेशन बल्लेबाजी की और मैच ड्रॉ कराने में कामयाब रहे। कप्तान शुभमन गिल के अलावा रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने चौथी पारी में शतक जड़े। हालांकि ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड इन तीनों में से किसी को नहीं मिला।

मैनचेस्टर टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से मेजबान टीम के कप्तान बेन स्टोक्स को नवाजा गया। स्टोक्स ने 5 विकेट हॉल लेने के साथ-साथ भारत के खिलाफ इस मैच में 141 रनों की शानदार पारी खेली थी।
बेन स्टोक्स के टेस्ट करियर का यह 12वां प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड है। वह इंग्लैंड के लिए क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में सर्वाधिक POTM अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनके अलावा इयान बॉथम ने भी अपने करियर में इतने ही POTM अवॉर्ड जीते। वहीं इस लिस्ट में स्टार बल्लेबाज जो रूट 13 POTM अवॉर्ड्स के साथ पहले नंबर पर हैं।
इंग्लैंड के लिए टेस्ट मैचों में सर्वाधिक POTM अवॉर्ड
13 - जो रूट
12 - इयान बॉथम
12 - बेन स्टोक्स
10 - केविन पीटरसन
10 - स्टुअर्ट ब्रॉड
बेन स्टोक्स के लिए गेंद व बल्ले दोनों से यह सीरीज शानदार रही है। वह इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट के इतिहास के पहले ऐसे कप्तान बने हैं जिन्होंने एक सीरीज में 300 से अधिक रन बनाने के साथ-साथ 15 से अधिक विकेट चटकाए हैं। उनका नाम इतिहास के पन्नों में सुनहरे शब्दों से लिखा जाएगा।
बात मैच की करें तो, टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया ने 358 रन बोर्ड पर लगाए थे। इसके जवाब में इंग्लैंड ने जो रूट और बेन स्टोक्स के शतकों की मदद से 669 रन बनाए और भारत पर 311 रनों की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में टीम इंडिया ने 0 पर ही 2 विकेट खो दिए थे। तब ऐसा लग रहा था कि भारत यह मैच पारी के अंतर से हार सकता है। मगर केएल राहुल, शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर की शानदार पारियों के दम पर भारत इस हार को टालने में कामयाब रहा। चौथे दिन के दो सेशन और पांचवें दिन के तीनों सेशन भारत के नाम रहे। टीम इंडिया ने चौथी पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 425 रन बनाए और मैच ड्रॉ कराया। भारत के लिए शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने शतक जड़े।






