आसान नहीं रहा, शुक्र है कि हम जीत गए...नेपाल के फैन हुए इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने नेपाल के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा है कि वे बहुत अच्छा खेले और उन्हें बाकी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं। इंग्लैंड ने करीबी मुकाबले में नेपाल को 4 रन से हराया।
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने रविवार को टी20 विश्व कप अभियान के पहले मैच में नेपाल के बल्लेबाजों के अपने प्रमुख स्पिनर आदिल राशिद का सामना करने के तरीके पर हैरानी जताई। पूर्व चैंपियन इंग्लैंड ने नेपाल को 185 रन का लक्ष्य दिया और उलटफेर से बचते हुए चार रन से जीत हासिल की। इंग्लैंड ने जैकब बेथेल और ब्रूक की अर्धशतकीय पारियों के बाद विल जैक्स के 39 रन से सात विकेट पर 184 रन बनाए।
मैच के बाद ब्रूक ने कहा, ''यह बिल्कुल भी आसान नहीं रहा, शुक्र है कि हम जीत गए। वे बहुत अच्छा खेले। बहुत कम टीमें आदिल राशिद को इस तरह खेल पाती हैं जैसे उन्होंने खेला। मुझे लग रहा था हम इस स्कोर का आसानी से बचाव कर लेंगे लेकिन वे बहुत अच्छा खेले। मैं उन्हें बाकी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं देता हूं। ''
ब्रूक ने कहा, ''बेथ शानदार खेला। वह जिस तरह से स्पिनरों के खिलाफ बल्लेबाजी कर रहा था, वह बहुत अच्छा था। फिर मैंने बस कहा कि हम दो तीन विकेट लेते हैं और सब कुछ बदल जाएगा। हमारे पास बहुत सारे विकल्प हैं। '' उन्होंने कहा, ''राशिद के खिलाफ उन्होंने इतने रन जुटा लिए। ऐसा अक्सर नहीं होता कि वह चार ओवर गेंदबाजी नहीं करे। मुझे यकीन है कि वह वापसी करेगा। ‘’
नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने कहा कि वे सिर्फ टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले रहे हैं बल्कि एक या दो उलटफेर करने की कोशिश करेंगे जिसका सबूत इंग्लैंड के खिलाफ उनके जोश भरे प्रदर्शन में साफ दिखा।
उन्होंने कहा, ''खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। मुझे उन पर बहुत गर्व है। जब हम इस विश्व कप में आए थे तो हम इस भरोसे के साथ आए कि हम यहां सिर्फ हिस्सा लेने नहीं आए थे। हालांकि नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा, लेकिन कोशिश के मामले में हमने हर विभाग में शत प्रतिशत किया। आखिरी ओवर में सैम करन ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की। हम इसमें सुधार करेंगे। ''

लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी





