
बुमराह-सूर्या नहीं…भारत को टी20 वर्ल्ड कप में हराना है तो इन 2 खिलाड़ियों को करना होगा टारगेट; अश्विन ने बताए नाम
पूर्व भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने दूसरी टीमों को मैसेज भेजा है कि उन्हें अगर टी20 में भारत को हराना है तो अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती को टारगेट करना होगा। हालांकि भारत के पास इनके अलावा भी कई मैच विनर खिलाड़ी हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 को ध्यान में रखते हुए सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया इस समय ऑस्ट्रेलिया में 5 मैच की टी20 सीरीज खेल रही है। सीरीज का दूसरा मुकाबला हारने के बाद भारत ने शानदार कमबैक किया और चौथा टी20 के बाद सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ा था। इस सीरीज में टीम इंडिया की ताकत और कमजोरियां सबके सामने आ रही है। ऐसे में पूर्व भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने दूसरी टीमों को मैसेज भेजा है कि उन्हें अगर टी20 में भारत को हराना है तो अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती को टारगेट करना होगा। हालांकि भारत के पास इनके अलावा भी कई मैच विनर खिलाड़ी हैं।
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "अभी तक मैं कह रहा था कि जसप्रीत बुमराह को संभालना बेहद जरूरी है, लेकिन अब मैं कहूंगा कि मैंने जो देखा है, उसके हिसाब से टिम डेविड ने वरुण चक्रवर्ती को संभाला। मुझे लगता है कि अगर टीमों को भारत से जीतना है तो वे अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती को चुनेंगी। अभिषेक शर्मा के खिलाफ, हम इस सीरीज में उनकी बनाई रणनीति जरूर देखेंगे और वे उसे जरूर लागू करेंगे। जो भी टीमें आ रही हैं, वे वर्ल्ड कप की तैयारी के साथ आ रही हैं। वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ भी ऐसा ही होगा, क्योंकि इससे उन्हें टी20 वर्ल्ड कप में बढ़त मिलेगी।"
अश्विन ने यह भी बताया कि कैसे ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज़ों ने अभिषेक को ऑफ स्टंप के बाहर वाइड एंगल से गेंदें डालकर उनके बैट स्विंग पर लगाम लगाई।
अश्विन ने कहा, "अभिषेक शर्मा पावरप्ले के अंदर तेज गेंदबाजों के खिलाफ, किसी भी गेंदबाज के खिलाफ, सबसे घातक बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने अभिषेक शर्मा को पावरप्ले में ही 23 गेंदों पर 29 रन दिए, जिसमें से छठा ओवर काफी ज्यादा रन ले गया। इससे पहले, अभिषेक शर्मा एक रन प्रति गेंद से भी कम की रफ्तार से रन बना रहे थे। देखिए, उनके पास बल्ले की स्विंग को थोड़ा कम करने की योजना थी।"
उन्होंने आगे कहा, "आप देखेंगे कि नाथन एलिस ने अभिषेक शर्मा को स्टंप के अंदर कोई गेंद नहीं फेंकी है। उनकी गेंदें ऑफ स्टंप के बाहर से वाइड गई हैं, और स्विंगिंग आर्क को कम करने के लिए उन्होंने थोड़ी गति भी कम रखी है। इसलिए अभिषेक शर्मा के खिलाफ, वह ऑफ साइड पर कमजोर नहीं हैं; वह वहां बहुत जोरदार हिटिंग करते हैं। लेकिन वे थोड़ी वाइड गेंदबाजी करके और गति कम करके हिटिंग एरिया को सीमित कर रहे हैं ताकि गेंद थोड़ी सीधी आ सके। मुझे लगा कि उन्होंने वाकई अच्छी गेंदबाजी की।"






