थमने का नाम नहीं ले रहा पाकिस्तान, अब एक और चयनकर्ता की हो सकती है छुट्टी, 7 खिलाड़ी पहले ही कर दिए हैं बाहर
लॉर्ड्स में इंग्लैंड से मिली 194 रनों की हार के बाद से पाकिस्तान क्रिकेट में मची खलबली थमने का नाम नहीं ले रही है। मिस्बाह-उल-हक के इस्तीफा देने की खबर पहले ही आई थी। 7 खिलाड़ी बीच सीरीज से बाहर कर दिए गए थे। अब एक और चयनकर्ता आकिब जावेद की भी छुट्टी हो सकती है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इंग्लैंड के दौर में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद प्रबंधन में व्यापक बदलाव करने के लिए 'सफाई अभियान' चलाया है। इस सफाई अभियान में पूर्व टेस्ट क्रिकेटर और चयनकर्ता आकिब जावेद को राष्ट्रीय चयन समिति से हटाए जाने की संभावना है। पीसीबी के सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
यह घटनाक्रम मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक और सलमान अली आगा सहित सात खिलाड़ियों को इंग्लैंड से वापस भेजे जाने के कुछ दिनों बाद सामने आया है। इस फैसले ने चयन समिति और टीम प्रबंधन में व्यापक बदलाव की अटकलों को जन्म दिया है। एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया, ''आकिब को संभवतः लाहौर स्थित हाई परफॉर्मेंस सेंटर में विकास निदेशक के रूप में अपनी भूमिका पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कहा जाएगा।'' उन्होंने दावा किया कि रिजवान, इमाम और सलमान को वापस भेजना पीसीबी की योजना का हिस्सा था, जिसमें पहले दो खिलाड़ियों को न केवल खराब फॉर्म बल्कि ड्रेसिंग रूम में उनके व्यवहार के कारण भी टीम से बाहर किया गया था।
माइक हेसन की सिफारिश पर बदले गए चार खिलाड़ी
सूत्र ने बताया, ''बाकी खिलाड़ियों को टेस्ट टीम के अंतरिम मुख्य कोच माइक हेसन की सिफारिश पर वापस भेजा गया, जो कुछ ऐसे खिलाड़ियों को आजमाना चाहते थे जिनके साथ उन्होंने सीमित ओवरों की टीम के लिए लगाए गए शिविर में काम किया था।'' बर्मिंघम में एक मीडिया कॉन्फ्रेंस में हेसन ने कहा, ''जब उन्होंने (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) मुझे अंतिम टेस्ट मैच के लिए जिम्मेदारी सौंपी तो इन तीनों खिलाड़ियों (रिज़वान, आगा और इमाम) को पहले ही टीम से बाहर कर दिया गया था। इसलिए वास्तव में मुझे कुछ भी पता नहीं है कि असल में क्या हुआ था।'' उन्होंने कहा, ''लाहौर में हमारा पहले से ही सीमित ओवरों की टीम का शिविर चल रहा था। मैं जापान से लौटा ही था जहां एशियाई खेल होंगे। इसके बाद मुझे टेस्ट टीम का प्रबंधन करने के लिए कहा गया।'' हेसन ने कहा, ''मैंने टीम में संतुलन लाने के लिए कुछ बदलाव करने का फैसला किया है और मैं ऐसा गेंदबाजी आक्रमण चाहता हूं जिसमें विविधता हो और जिसमें कुछ ऑलराउंडर हों।''
इंग्लैंड दौरे के बाद हो सकती है नई चयन समिति की घोषणा
सूत्रों ने दावा किया कि पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी 'सफाई अभियान' के लिए उत्सुक थे और अब चयन समिति में बदलाव किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार एक अन्य चयनकर्ता पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने पहले ही पद छोड़ने की पेशकश कर दी है। सूत्र ने बताया, ''इंग्लैंड दौरे के बाद एक नई चयन समिति की घोषणा की जा सकती है।''



