हार्दिक पांड्या जाएंगे राजस्थान और यशस्वी होंगे MI का हिस्सा? IPL ट्रेड पर क्या है ताजा अपडेट? जानिए
क्या हार्दिक पांड्या राजस्थान रॉयल्स जाएंगे और यशस्वी जायसवाल मुंबई इंडियंस के लिए खेलते नजर आएंगे? ये एक बड़ा सवाल है। कुछ समय के लिए दोनों फ्रेंचाइजियों में इस ट्रेड को लेकर बात हुई थी, लेकिन यह डील अभी के लिए ठंडे बस्ते में है।

IPL 2026 खत्म होने के बाद से ही इस तरह की चर्चा थी कि ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या मुंबई इंडियंस को छोड़ने वाले हैं। इसके बाद खबरें आने लगी थीं कि वे राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़ सकते हैं और इसके बदले राजस्थान को अपने ओपनर यशस्वी जायसवाल को एमआई को देना होगा। इन दोनों की ट्रेड की चर्चा काफी समय तक हुई, लेकिन अब ये ट्रेड टॉक ठंडे बस्ते में चली गई है। हालांकि, दोनों के इधर से उधर जाने की संभावना अभी भी है, लेकिन फिलहाल के लिए इस पर विराम लगा हुआ है और इस मसले पर दोनों टीमों की ओर से कोई अपडेट नहीं है।
क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें तो ये ट्रेड टॉक पूरी तरह से बेबुनियाद नहीं थी। दोनों टीमों ने कुछ महीने पहले इस पर बातचीत की थी, लेकिन उस बातचीत में कुछ हल नहीं निकल पाया था, जबकि अब अभी ऐसी किसी बातचीत में दोनों फ्रेंचाइजी शामिल नहीं हैं। यह ट्रेड इसलिए भी संभव लग रहा था, क्योंकि राजस्थान रॉयल्स के पास वैभव सूर्यवंशी के रूप में एक तूफानी ओपनर है, जबकि साउथ अफ्रीका के युवा बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रिटोरियस भी एक ओपनिंग ऑप्शन हैं। वे अच्छे फॉर्म में भी हैं।
मुंबई इंडियंस को तलाश है यशस्वी जैसे प्लेयर की
हालांकि, मौजूदा समय में ऐसा लग रहा है कि एक और साल यशस्वी जायसवाल राजस्थान रॉयल्स के साथ बिताने वाले हैं। भले ही उन्हें वैभव सूर्यवंशी ने हाइप के मामले में किनारे कर दिया है, लेकिन मुंबई इंडियंस की बड़ी समस्या उनके टीम में आने से सुलझ सकती थी, क्योंकि उन्हें एक ऐसे ओपनर की तलाश है, जो रोहित शर्मा के बाद खेल सके और मौजूदा समय में उनके साथ पारी की शुरुआत कर सके, साथ ही साथ मुंबई की परिस्थितियों से भी वाकिफ हो। ऐसे में यशस्वी से बेहतर विकल्प एमआई के लिए नहीं हो सकता था।
राजस्थान रॉयल्स अपने बड़े खिलाड़ियों को ट्रेड में जाने से नहीं रोकती है। पिछले ही सीजन संजू सैमसन को उन्होंने सीएसके को दे दिया था और चेन्नई सुपर किंग्स से रविंद्र जडेजा और सैम करन को ले लिया था। हालांकि, नए सीजन के लिए अभी तक कोई डील आरआर की ओर से नहीं हुई है। कुछ डील आईपीएल में जरूर हुई हैं और 15 नवंबर को संभावित तौर पर रिटेंशन डे है, जिससे पहले कुछ खिलाड़ी इधर से उधर जा सकते हैं। हार्दिक पांड्या को लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स ने भी दिलचस्पी दिखाई थी, लेकिन मौजूदा समय में कुछ भी फाइनल नजर होता नहीं आ रहा।


