कौन हैं सुर्यांश शेडगे? जिन्हें चोटिल नीतीश रेड्डी की जगह BCCI ने अचानक टीम इंडिया में दी एंट्री
Suryansh Shedge Replaces Nitish Kumar Reddy: नीतीश कुमार रेड्डी आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज से बाहर हो गए हैं। वह अफगानिस्तान के खिलाफ दो वनडे मैचों में खेले थे।

टीम इंडिया का 26 जून से आयरलैंड दौरा शुरू होने जा रहा है, जहां दो टी20 इंटरनेशनल मैच होंगे। उसके बाद भारत को इंग्लैंड में एक जुलाई से पांच टी20 खेलने हैं। हालांकि, आगामी सीरीज से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी चोटिल होने के कारण आयरलैंड और इंग्लैंड में नहीं खेलेंगे। उनकी बाईं जांघ की मांसपेशियों में सूजन है और उसके रेशे टूट गए हैं। वह कम से कम एक महीने तक बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब करेंगे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। बीसीसीआई ने 23 वर्षीय ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे पर दांव लगाया है। उनकी पहली बार सीनियर टीम में जगह मिली है।
नीतीश ने 20 जून को हुई दिक्कत
नीतीश को धर्मशाला में अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में बॉलिंग करते समय चोट लगी थी। इसके बाद उन्हें लखनऊ में दूसरे मैच के लिए आराम दिया गया। वह चेन्नई में आखिरी वनडे खेलने के लिए लौटे। उन्होंने छह ओवर डाले लेकिन फिर असहज नजर आए। बीसीसीआई ने मंगलवार को एक बयान में बताया, ''पुरुषों की सिलेक्शन कमिटी ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में नीतीश कुमार रेड्डी की जगह सूर्यांश शेडगे को शामिल किया है। नीतीश ने 20 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के बाद बाएं क्वाड्रिसेप्स में दिक्कत हुई थी। जांच के बाद बीसीसीआई मेडिकल टीम ने रिहैबिलिटेशन की सलाह दी है।''
सूर्यांश ट्राई सीरीज में खेले थे
सूर्यांश ने हाल ही में श्रीलंका में समाप्त हुई वनडे ट्राई सीरीज में इंडिया ए के लिए प्रभावी प्रदर्शन किया। उन्होंने मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करते हुए पांच मैचों में 147 रन बनाए और 23 ओवर बॉलिंग की। वह 2024-25 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने वाली मुंबई टीम का हिस्सा थे। उन्होंने लोअर मिडिल ऑर्डर में 251.92 के स्ट्राइक रेट से 131 रन बनाए थे।
हार्दिक पांड्या भी अनफिट
हार्दिक पांड्या की गैर मौजूदगी में नीतीश से आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर अहम रोल निभाने की उम्मीद थी। वह वनडे टीम में एकमात्र तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर थे और टी20 टीम में दूसरे। भारत को इंग्लैंड में 14 जुलाई से तीन वनडे भी खेलने हैं। बता दें कि हार्दिक पिछले हफ्ते इंग्लैंड और आयरलैंड के दौरे से बाहर हुए थे क्योंकि वह पैर की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए। वह आईपीएल 2026 के बाद सेंटर ऑफ एक्सीलेंस गए थे, जहां कंडीशनिंग सेशन के दौरान तकलीफ बढ़ गई थी। इस वजह से वह अफगानिस्तान वनडे सीरीज से भी बाहर हो गए। उनकी वापसी के लिए अभी कोई टाइमलाइन तय नहीं की गई है।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



