
भारतीय क्रिकेट टीम अगला मैच कब और कहां खेलेगी? जानिए 2025 के हर एक मैच का शेड्यूल
ओवल टेस्ट मैच के बाद टीम इंडिया का अगला मैच कब और कहां है? इसका जवाब अगर आपको जानना है तो आप सही जगह पर हैं। इस स्टोरी में आप जानेंगे कि भारतीय टीम अब आगे कब, कहां और किसके खिलाफ खेलेगी।
टीम इंडिया का इंग्लैंड दौरा सोमवार 4 अगस्त को समाप्त हो गया। ओवल में खेले गए आखिरी टेस्ट मैच को टीम इंडिया ने 6 रन के अंतर से जीता और सीरीज में 2-2 की बराबरी हासिल की, लेकिन अब सवाल ये है कि टीम इंडिया अब अपना अगला मैच कब और कहां खेलने वाली है? आईपीएल के ठीक बाद भारतीय टीम इंग्लैंड के दौरे पर गई थी, जहां करीब 6 सप्ताह तक भारत ने पांच टेस्ट मैच खेले और हर एक मैच आखिरी दिन तक चला। पिछले 8 साल में एक बार भी ऐसा नहीं हुआ, लेकिन अब हर किसी को टीम इंडिया के अगले मैच का इंतजार है।

अगर आप टीम इंडिया के फैन हैं और सोच रहे हैं कि अगले कुछ दिन या कुछ सप्ताह बाद भारतीय टीम मैदान पर होगी तो आपको ये जानकर धक्का लगेगा कि भारतीय टीम अगले एक महीने से ज्यादा समय तक एक भी इंटरनेशनल मैच खेलने वाली नहीं है। टीम इंडिया को अगस्त-सितंबर में बांग्लादेश जाना था, लेकिन ये दौरा रद्द हो चुका है। ऐसे में अब टीम इंडिया सीधे टी20 एशिया कप 2025 में नजर आएगी और पहला मैच भारत का इस मल्टी नेशन टूर्नामेंट में 10 सितंबर को खेला जाएगा।
aहिल
बुधवार 10 सितंबर को भारतीय टीम दुबई के मैदान पर यूएई की टीम से एशिया कप के मैच में भिड़ेगी, जो टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। इसी टूर्नामेंट में इंडिया का दूसरा मैच पाकिस्तान से है, जो रविवार 14 सितंबर को खेला जाएगा और फिर शुक्रवार 19 सितंबर को भारतीय टीम ओमान से भिड़ेगी। इसके बाद सुपर 4 के मैच होंगे, लेकिन फिलहाल के लिए यही निर्धारित शेड्यूल भारतीय टीम का इस टूर्नामेंट में है। हालांकि, इसके बाद सीरीज पर सीरीज भारतीय टीम को खेलनी है, जिसमें घर पर वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज है।
इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज 2 अक्टूबर से शुरू होगी और फिर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर जाएगी, जहां 3 वनडे और पांच टी20 इंटरनेशनल मैच भारतीय टीम खेलेगी। अक्तूबर और नवंबर के महीने में इस सीरीज का आयोजन होगा। वहीं, घर पर नवंबर में साउथ अफ्रीका की टीम से भारत को भिड़ना है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट, 3 वनडे और पांच टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे, जो नवंबर से दिसंबर तक आयोजित होंगे। नए साल में न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आएगी, जिसमें पांच टी20 और 3 वनडे मैच शेड्यूल हैं।
एशिया कप ग्रुप स्टेज (9-19 सितंबर 2025)
भारत बनाम यूएई - बुधवार, 10 सितंबर को दुबई में
भारत बनाम पाकिस्तान - रविवार, 14 सितंबर को दुबई में
भारत बनाम ओमान - शुक्रवार, 19 सितंबर को अबूधाबी में
एशिया कप सुपर 4 के मैच (अगर टीम आगे पहुंची तब)
भारत बनाम वेस्टइंडीज होम सीरीज
2-6 अक्टूबर, 2025 – पहला टेस्ट – अहमदाबाद में
10-14 अक्टूबर, 2025 – दूसरा टेस्ट – दिल्ली में
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया अवे सीरीज
19 अक्टूबर, 2025 – पहला वनडे – पर्थ में
23 अक्टूबर, 2025 – दूसरा वनडे – एडिलेड में
25 अक्टूबर, 2025 – तीसरा वनडे – सिडनी में
29 अक्टूबर, 2025 – पहला टी20 मैच – कैनबरा में
31 अक्टूबर, 2025 – दूसरा टी20 मैच – मेलबर्न में
2 नवंबर, 2025 – तीसरा टी20 मैच – होबार्ट में
6 नवंबर, 2025 – चौथा टी20 मैच – गोल्ड कोस्ट में
8 नवंबर, 2025 – पांचवां टी20 मैच – ब्रिस्बेन में
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका होम सीरीज
14-18 नवंबर, 2025 – पहला टेस्ट – कोलकाता में
22-26 नवंबर, 2025 – दूसरा टेस्ट – गुवाहाटी में
30 नवंबर, 2025 – पहला वनडे – रांची में
3 दिसंबर, 2025 – दूसरा वनडे – रायपुर में
6 दिसंबर, 2025 – तीसरा वनडे – विशाखापत्तनम में
9 दिसंबर, 2025 - पहला टी20 मैच - कटक में
11 दिसंबर, 2025 - दूसरा टी20 मैच - न्यू चंडीगढ़ में
14 दिसंबर, 2025 - तीसरा टी20 मैच - धर्मशाला में
17 दिसंबर, 2025 - चौथा टी20 मैच - लखनऊ में
19 दिसंबर, 2025 - 5वां टी20 मैच - अहमदाबाद में






