Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़new zealand vs west indies 2nd test wellington day 2 report mitchell hay devon conway guide nz to important lead over wi
NZ vs WI: मिचेल हे ने डेब्यू मैच में न्यूजीलैंड को दिलाई बढ़त, दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के उखड़े 2 विकेट

NZ vs WI: मिचेल हे ने डेब्यू मैच में न्यूजीलैंड को दिलाई बढ़त, दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के उखड़े 2 विकेट

संक्षेप:

मिचेल हे ने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण पर अपनी पहली पारी में ही 61 रन बनाए जिससे न्यूजीलैंड ने गुरुवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन पहली पारी में 73 रन की बढ़त हासिल की। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज अपने दो विकेट खो भी दिए।

Dec 11, 2025 12:51 pm ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, भाषा
share Share
Follow Us on

मिचेल हे ने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण पर अपनी पहली पारी में ही 61 रन बनाए जिससे न्यूजीलैंड ने गुरुवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन पहली पारी में 73 रन की बढ़त हासिल की। वेलिंगटन में खेले जा रहे इस मैच पर मेजबान टीम का शिकंजा कस गया है क्योंकि दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के 2 विकेट गिर भी चुके हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज के 205 रन के जवाब में अपनी पहली पारी में 278 रन बनाए। वेस्टइंडीज ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 32 रन बनाए हैं और वह अभी न्यूजीलैंड से 41 रन पीछे है।

स्टंप उखड़ने के समय ब्रैंडन किंग 15 और केवम हॉज तीन रन पर खेल रहे थे। माइकल रे ने जॉन कैंपबेल (14) को बोल्ड किया जबकि जैकब डफी ने नाइटवॉचमैन एंडरसन फिलिप (00) को एलबीडब्ल्यू आउट किया।

सात एकदिवसीय और 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके विकेटकीपर बल्लेबाज मिचेल हे को चोटिल टॉम ब्लंडेल के स्थान पर टेस्ट क्रिकेट में मौका दिया गया। उन्होंने अपने चयन को सही साबित किया। उन्होंने 93 गेंदों का सामना करके नौ चौके और एक छक्का लगाया।

न्यूजीलैंड ने सुबह अपनी पहली पारी बिना किसी नुकसान के 24 रन से आगे बढ़ाई। कप्तान टॉम लैथम (11) ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए लेकिन उनके सलामी जोड़ीदार डेवोन कॉनवे ने 60 रन की उपयोगी पारी खेली। पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने 37 रन बनाए।

दिन के पांचवें ओवर में केमार रोच की गेंद पर लैथम बोल्ड हो गए। गेंद ऑफ स्टंप के बाहर से तेजी से अंदर की ओर आई और उनके रक्षात्मक शॉट को भेद गई। विलियमसन को फिलिप ने बोल्ड किया।

कॉनवे ने लंच से पहले 87 गेंदों में अपना 15वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ उनका पहला अर्धशतक है। इसके बाद दूसरे सत्र की शुरुआत में ही कॉनवे और रचिन रविंद्र (05) लगातार ओवरों में आउट हो गए, जिससे न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट पर 117 रन हो गया।

मिचेल हे और डैरिल मिशेल (25) ने पांचवें विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की। ग्लेन फिलिप्स ने रोस्टन चेज़ की गेंद पर डीप मिडविकेट पर कैच आउट होने से पहले 18 रन बनाए। जैक फाउल्क्स 23 रन बनाकर नाबाद रहे। पहले दिन फील्डिंग के दौरान कंधे में चोट लगने के कारण ब्लेयर टिकनर बल्लेबाजी नहीं कर पाए।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |