न्यूजीलैंड ने सुपर-8 में मारी एंट्री, कनाडा के साथ-साथ अफगानिस्तान और यूएई की उम्मीदें खत्म
New Zealand Super 8 T20 World Cup: न्यूजीलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में एंट्री कर ली है। न्यूजीलैंड ने मंगलवार को ग्रुप डी मैच में कनाडा को करारी शिकस्त दी।

न्यूजीलैंड ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार को ग्रुप डी मैच में कनाडा को 8 विकेट से रौंदा। युवराज सामरा के शतक के दम पर कनाडा ने चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में 174 रन का टारगेट दिया। जवाब में न्यजूीलैंड ने 15.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सुपर-8 राउंड में एंट्री कर ली है। न्यूजीलैंड के चार मैचों में 6 अंक हैं। साउथ अफ्रीका पहले ही ग्रुप डी से सुपर-8 का टिकट कटा चुका है। वहीं, कनाडा के साथ-साथ अफगानिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की अगले चरण की उम्मीदें खत्म हो गईं। कनाडा को लगातार तीसरी हार झेलनी पड़ी है।
रचिन और फिलिप्स का चला बल्ला
कनाडा के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। साद बिन जफर ने तीसरे ओवर में विकेटकीपर टिम सीफर्ट (10 गेंदों में 6) का शिकार किया। हालांकि, सीफर्ट और फिन एलन (8 गेंदों में 21) में पहले विकेट के लिए 30 रनों की साझेदारी हुई। एलन को डिलोन हेइलिगर ने चौथे ओवर में अपने जाल में फंसाया। इसके बाद, रचिन रविंद्र और ग्लेन फिलिप्स ने बखूबी मोर्चा संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 146 रनों की अटूट साझेदारी की और न्यूजीलैंड को जीत की दहलीज पार कराई। रचिन ने 39 गेंदों में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 59 रन बनाए। फिलिप्स के बल्ले से 36 गेदों में नाबाद 76 निकले। उन्होंने चार चौके और छह सिक्स ठोके।
सामरा ने ठोका ऐतिहासिक शतक
इससे पहले, कनाडा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट के नुकसान पर 173 रन बटोरे। 19 साल के युवराज सामरा ने 65 गेंदों में करियर की सर्वश्रेष्ठ 110 रन की ऐतिहासिक पारी खेली उन्होंने तूफानी पारी के दौरान 11 चौके और छह छक्के जड़े। वह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में शतक जमाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। क्रिकेट के शौकिन पिता बलजीत समरा ने उनका नाम धाकड़ भारतीय बल्लेबाज युवराज सिंह के नाम पर रखा था। पिछले साल मार्च में पदार्पण करने वाले समरा ने अपने 19वें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में यह उपलब्धि हासिल की।
कनाडा के कप्तान ने 36 रन बनाए
सामरा अंतिम ओवर में बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए। उनकी यह पारी टी20 वर्ल्ड कप में किसी एसोसिएट टीम के बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी है। इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के अहमद शहजाद के नाम था, जिन्होंने 2014 में 22 वर्ष की आयु में यह उपलब्धि हासिल की थी। कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने 36, नवनीत धालीवाल ने 10 और निकोलस किरटन ने 2 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन और जेम्स नीशम ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



