
न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को दूसरे टेस्ट में 9 विकेट से हराया, सीरीज में ली 1-0 की अजेय बढ़त
न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को वेलिंगटन टेस्ट में 9 विकेट से हराकर 3 मैच की श्रृंखला में 1-0 की अजेय बढ़त बना ली है। तीसरे दिन जैकब डबी की घातक गेंदबाजी के सामने वेस्टइंडीज की दूसरी पारी सिर्फ 124 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड को जीत के लिए सिर्फ 52 रन का लक्ष्य मिला था।
न्यूजीलैंड ने वेस्टइंडीज को वेलिंगटन टेस्ट में 9 विकेट से हराकर 3 मैच की श्रृंखला में 1-0 की अजेय बढ़त बना ली है। पहला टेस्ट ड्रॉ हुआ था। दूसरा टेस्ट महज 3 दिन में खत्म हो गया। तीसरे दिन जैकब डबी की घातक गेंदबाजी के सामने वेस्टइंडीज की दूसरी पारी सिर्फ 124 रन पर सिमट गई। इस तरह न्यूजीलैंड को जीत के लिए महज 52 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने सिर्फ 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया। जैकब डफी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
वेलिंगटन टेस्ट में वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में 205 रन बनाए थे। जॉन कैंपबेल ने 44 और शे होप ने 47 रनों का योगदान दिया था। न्यूजीलैंड की तरफ से पहली पारी में ब्लेयर टिकनर ने 4, माइकल रे ने 3, जैकब डफी और ग्लेन फिलिप्स ने 1-1 विकेट झटके थे।
न्यूजीलैंड ने 9 विकेट के नुकसान पर 278 रन के स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित की। फील्डिंग के दौरान चोटिल हुए ब्लेयर टिकनर ने बल्लेबाजी नहीं की थी। डेब्यू करने वाले मिचेल हे ने सबसे ज्यादा 61 रन और डेवोन कॉनवे ने 60 रन बनाए। इस तरह न्यूजीलैंड को पहली पारी के आधार पर 73 रन की महत्वपूर्ण बढ़त मिली थी।
वेस्टइंडीज अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 128 रन पर सिमट गई। जैकब डफी की धारदार गेंदबाजी के सामने मेहमान बल्लेबाज बेबस नजर आए। सिर्फ केवेम हॉज ही थोड़ी बहुत बल्लेबाजी कर पाए। उन्होंने 35 रन बनाए। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के गेंदबाज जैकब डफी ने 48 रन देकर 5 विकेट लिए। माइकल रे ने 3 और जैक फोल्क्स ने 1 विकेट हासिल किया।
न्यूजीलैंड को अपनी दूसरी पारी में जीत के लिए सिर्फ 52 रन का लक्ष्य मिला था। उसने सिर्फ कप्तान टॉम लैथम का विकेट खोकर 10 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। डेवोन कॉनवे ने नाबाद 28 और केन विलियमसन 16 रन बनाकर नाबाद रहे।
सीरीज का आखिरी और तीसरा टेस्ट गुरुवार से बे ओवल में शुरू होगा।






