विश्व कप 2026:इंग्लैंड को टक्कर देने वाली नेपाल को इटली ने बुरी तरह रौंदा, 10 विकेट से दी पटखनी
आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के 17वें मैच में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल और इटली के बीच एक दिलचस्प मुकाबला खेला गया। जहां इटली की टीम ने इंग्लैंड को कड़ी टक्कर देने वाली नेपाल को 10 विकेट से बुरी तरह हरा दिया।

आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के 17वें मैच में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल और इटली के बीच एक दिलचस्प मुकाबला खेला गया। जहां इटली की टीम ने इंग्लैंड को कड़ी टक्कर देने वाली नेपाल को 10 विकेट से बुरी तरह हरा दिया। इटली की टीम ने इस जीत के साथ पूरी दुनिया में दिखा दिया कि उनकी टीम भी बड़े मैचों में जीतने का हौसला रखती है।
मैच में इटली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो उनके लिए सही साबित हुआ। नेपाल की शुरुआत काफी संघर्षभरी रही और टीम नियमित अंतराल पर अपने विकेट खोती रही। सलामी बल्लेबाज कुशल भुर्तेल मात्र 5 रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान रोहित पौडेल ने 14 गेंदों में 23 रनों की तेज पारी खेलकर पारी को संभालने की कोशिश की, जिसमें उन्होंने दो शानदार छक्के लगाए, लेकिन वे भी अपनी पारी को लंबा नहीं खींच पाए।
इटली के गेंदबाजों ने अपनी सटीक लाइन और लेंथ से नेपाली बल्लेबाजों को क्रीज पर टिकने का मौका नहीं दिया। कृशन कालुगामगे ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में मात्र 18 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उनका साथ बेन मैनेंटी ने बखूबी निभाया, जिन्होंने अपने 4 ओवरों के कोटे में केवल 9 रन खर्च किए और 2 विकेट हासिल किए। नेपाल की ओर से आरिफ शेख ने सबसे अधिक 27 रन बनाए। अंत में करण केसी ने 11 गेंदों में 18 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को 123 के कुल योग तक पहुंचाया, लेकिन पूरी नेपाली टीम 19.3 ओवरों में ही सिमट गई।
124 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटली की टीम ने शुरू से ही विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। इटली के दोनों सलामी बल्लेबाजों, जस्टिन मोस्का और एंथनी मोस्का ने नेपाली गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किए। इन दोनों बल्लेबाजों ने मैदान पर चौकों- छक्को की बारिश कर दी। जस्टिन मोस्का ने धैर्य और आक्रामकता का सही संतुलन दिखाते हुए 44 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे। वहीं दूसरी ओर, एंथनी मोस्का ने और भी अधिक आक्रामक रुख अपनाया और मात्र 32 गेंदों में 193.75 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 62 रन ठोक दिए, जिसमें 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे।
इटली ने यह मैच बिना कोई विकेट खोए मात्र 12.4 ओवर में जीत लिया और 10 विकेट से एक बड़ी जीत दर्ज की। नेपाल के गेंदबाज जैसे संदीप लामिछाने और ललित राजबंशी इस मैच में काफी महंगे साबित हुए और एक भी विकेट लेने में सफल नहीं हो सके। इटली की इस एकतरफा जीत ने टूर्नामेंट के ग्रुप सी में हलचल मचा दी है। एक तरफ जहां इटली के गेंदबाजों ने अपनी कसी हुई गेंदबाजी से मैच की नींव रखी, वहीं दूसरी ओर उनके बल्लेबाजों ने शानदार फिनिशिंग के साथ दर्शकों का दिल जीत लिया।




